झारखंड-बिहार से ठगबंधनों का सुपड़ा साफ: भाजपा

रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्‍ता व राज्‍य के पूर्व महाधिवक्‍ता अनिल सिन्‍हा ने कहा कि बिहार व झारखंड लोकसभा चुनाव के दौरान इस बार ठगबंधनों का सुपड़ा पूरी तरह से साफ हो जायेगा। सिन्हा ने कहा कि बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। झारखंड की जनता ने राजद के नेता व सुप्रीमो लालू प्रसाद का चरित्र देखा है। वे कभी नहीं चाहते थे कि झारखंड अलग राज्‍य बनें। यहां की जनता का भला हो। उनके पास तक जरूरी मूलभूत सुविधाएं पहुंचे। उन्‍होंने साफ-साफ कहा था कि झारखंड का निर्माण उनकी लाश पर होगा। आज उसी पार्टी के नेता झारखंड की जनता का हितैषी बनने का ढोंग कर रहे हैं।
साथ ही यह भी कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में केंद्र में सरकार बनने पर ही संभव है। उन्‍होंने कहा कि मोदी सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आरक्षण के देकर उन्‍हें मजबूत बनाने का काम किया है। पूर्व में दिए गए आरक्षण से छेड़छाड़ किए बगैर इसका प्रावधान किया गया है। राष्‍ट्रीय जनता दल ने इस आरक्षण का विरोध किया था। इससे ही साफ हो जाता है कि लोगों की हितैषी पार्टी कौन है। उन्होंने इस दौरान राज्य सरकार के कामकाज की सराहना की।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More