रांची: हॉटलिप्स चौक के पास छठ घाट में अर्घ्य देने जा रही 73 वर्षीय वृद्ध महिला लालो देवी पति- स्वरूप नंद किशोर सिंह को आज ट्रक ने रौंद डाला। इस दौरान मौका ए वारदात पर ही महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका सुखदेवनगर थाना अंतर्गत इंद्रपुरी रोड नंबर 10 में रहती थी। घटना गोंदा थाना क्षेत्र में अहले सुबह की है।
हालांकि, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया। जिसमें ट्रक को पकड़ लिया, मगर आरोपी चालक चकमा देकर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस मामले में ट्रक संख्या जेएच 02यू 3695 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इधर, गोंदा इंस्पेक्टर सपन कुमार महथा ने कहा कि ट्रक चालक की धर पकड़ के लिए पुलिस प्रयासरत है। ट्रक संख्या से पहले मालिक के बारे में जानकारी एकत्रित की जा रही है।