रांची: प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि झारखंड में रघुवर सरकार के नेतृत्व में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण यह है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में पलायन में कमी आई है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक कौशल विकास के जरिए युवाओं, महिलाओं, ग्रामीणों को सिलाई, कढ़ाई, कंप्यूटर, मुर्गी पालन, सखी मंडल, सहिया आदि के जरिए करोड़ों रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी द्धारा रोजगार पर कुछ भी कहना चुनाव के समय लोगों को गुमराह करना है।
कोडरमा का उन्होंने भी कई बार प्रतिनिधित्व किया, लेकिन विकास कार्यों में विफल रहने के कारण ही उन्हें वहां से जनता ने उन्हें हार का स्वाद चखाया। इस चुनाव में भी वे दूसरे दलों के कंधे पर चढ़कर चुनावी वैतरणी पार करना चाहते हैं। यदि उनको जनता का समर्थन प्राप्त होता तो ठगबंधन का सहारा लेकर वे लोकसभा में जाने का प्रयास नहीं करते। जनता सब जानती है और उनके मंसूबे को पूरा होने नहीं देगी। वहां से भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी की जीत तय है। लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातों और कार्यों पर पूरा भरोसा है। इस बार भी एनडीए गठबंधन झारखंड की सभी 14 सीटों पर जीत दर्ज करेगा।