रांची के अखबारों की सुर्खियां : हेमंत कैबिनेट की पहली बैठक के फैसले व अन्य खबरें

रांची : झारखंड की राजधानी रांची से छपने वाले अखबारों में आज हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ लेने और उनकी कैबिनेट की पहली बैठक में लिए गए फैसले की खबरें प्रमुखता से हैं.
प्रभात खबर ने हेमंत के शपथ ग्रहण के दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी तसवीर को फूल कवर पेज पर छापा है. अखबार ने इस शीर्षक दिया है हेमंत सरकार और नेताओं के जुटान को यूपीए की एकजुटता दिखाने की कोशिश बताया. वहीं, पहली कैबिनेट के फैसले को शीर्षक दिया है: पत्थलगड़ी में शामिल और सीएनटी-एसपीटी संशोधन का विरोध करने वालों पर दर्ज एफआइआर होगा वापस. स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर बनाने के फैसले की खबर भी है. अखबार ने एक खबर दी है कि कुछ ही घंटों में हेमंत सरकार बढी चुनावी एजेंडे की ओर. कर्नाटक के पेजावर मठ के प्रमुख विश्वेश तीर्थ स्वामीजी के निधन की खबर और विरोध प्रदर्शन के दौरान सीबीएसइ परीक्षाओं की तारीख नहीं बदलने की खबर भी अखबार में है.
हिंदुस्तान ने लीड खबर को शीर्षक दिया है : हेमंत ने ताजपोशी में दिखायी ताकत. अखबार ने लिखा है रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम और सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली. अखबार ने छह जनवरी से आठ जनवरी तक विधानसभा सत्र चलने की खबर भी दी है. पहली कैबिनेट के फैसले को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है. अमिताभ बच्चन को दादा साहेब फाल्के आवार्ड मिलने की खबर भी अखबार ने दी है. हिंदुस्तान ने पीछे के पन्ने पर एक खबर दी है कि नियमित व्ययायाम सात तरह के कैंसर से बचाएगा.
दैनिक भास्कर ने हेमंत सरकार की खबरों के साथ ठंड की खबर को पहले पन्ने पर जगह दिया है. शीर्षक है : राज्य में ठंड से और सात लोगों की मौत, अबतक 15 जानें गयीं. अखबार ने बाॅटम स्टोरी के रूप में रूस के ठंड की एक खबर छापी है, जिसे शीर्षक दिया है माइनस 44 डिग्री में सबकुछ सामान्य है, यहां स्कूलों में तभी छुटृटी होगी जब तापमान माइनस 52 डिग्री से नीचे जाएगा. यह खबर रूस के याकुटिया की है.
भास्कर ने लीड खबर को शीर्षक दिया है: पत्थलगड़ी, सीएनटी, एसपीटी संशोधन के आंदोलन में दर्ज सभी केस वापस होंगे. अखबार ने लिखा है पत्थलगड़ी में 23 केस, 245 नेता समेत 10 हजार आरोपी हैं.
दैनिक जागरण ने हेमंत सोरेन की नयी कैबिनेट के पहले फैसले को लीड खबर बनाया है. शीर्षक दिया है : पहला फैसला, वापस होंगे मुकदमे. अखबार ने लिखा है कि विभागों को निर्देश दिया गया है रिक्त पदों को जल्द भरने की प्रक्रिया पूरी की जाए. सात जनवरी को नए स्पीकर के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. अखबार ने लिखा है कि हेमंत के बहाने विपक्षी दल एकजुट हुए.


