झारखंड के चुनाव नतीजों से बढा आम आदमी पार्टी का आत्मविश्वास, जीत का भरोसा

नयी दिल्ली : झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो गठबंधन को मिली शानदार जीत ने आम आदमी पार्टी का उत्साह बढा दिया है. आम आदमी पार्टी के नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि उनकी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी को दिल्ली की जनता हमारे कामकाज पर वोट करेगी.
संजय सिंह ने कहा कि झारखंड चुनाव ने यह इंगित किया है कि दिल्ली के लोग केजरीवाल को वोट देंगे. मालूम हो कि दिल्ली में अगले साल के आरंभ में विधानसभा चुनाव होना है और चुनाव की तारीखों का एलान किसी भी दिन किया जा सकता है.
पिछली बार दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी को 70 में 67 सीटें हासिल हुई थी, जबकि शेष तीन सीटें भाजपा के खाते में गयी थी. इस बार झारखंड में सबसे बड़े बहुमत की हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है, जिसके मुख्यमंत्री के तौर पर वे 29 दिसंबर को शपथ ग्रहण करेंगे.


