विजय रूपाणी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, भाजपा के गढ में मोदी के बाद अबतक दो सीएम हटे
अहमदाबाद : गुजरात के मुख्यमंत्री पद से विजय रूपाणी ने शनिवार, 11 सितंबर 2021 की दोपहर इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने राजभवन जाकर राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपना इस्तीफा सौंपा। नरेंद्र मोदी के 2014 में गुजरात का मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री बनने के बाद राज्य में अबतक दो सीएम कार्यकाल पूरा करने से पहले पद छोड़ चुके हैं।
Gujarat Chief Minister Vijay Rupani resigns pic.twitter.com/J8hl8GCHui
— ANI (@ANI) September 11, 2021
विजय रूपाणी से पहले आनंदीबेन पटेल गुजरात की मुख्यमंत्री बनायी गयी थीं, लेकिन उन्हें भी बीच में ही इस्तीफा देना पड़ा था और वे इस वक्त राज्यपाल के रूप में अपनी जिम्मेवारियां निभा रही हैं। आनंदीबेन पटेल पर पटेल आंदोलन को ठीक से संभाल नहीं पाने का आरोप लगाया जाता था। उनके बाद विजय रूपाणी मुख्यमंत्री बनाए गए, लेकिन उन्होंने भी आज पद से इस्तीफा दे दिया।
Gandhinagar: Vijay Rupani submitted his resignation to Governor Acharya Devvrat, from the post of Gujarat’s Chief Minister pic.twitter.com/VqavB2jj9h
— ANI (@ANI) September 11, 2021
इस्तीफा देने के बाद विजय रूपाणी ने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। विजय रूपाणी ने कहा, मैं भाजपा को यह मौका देने के लिए धन्यवाद देता हूं। मेरे कार्यकाल में मैंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास कार्याें को आगे बढाने का मुझे अवसर मिला।
I want to thank BJP for giving me this opportunity to serve as Gujarat’s CM. During my tenure, I got the opportunity to add to the development of the state under PM Modi’s leadership: Vijay Rupani in Gandhinagar pic.twitter.com/O0gz82y3gH
— ANI (@ANI) September 11, 2021
विजय रूपाणी के साथ इस दौरान भाजपा संगठन में अहम रोल निभाने वाले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भी दिखे। अहमदाबाद-गांधीनगर में भूपेंद्र यादव की मौजूदगी से यह स्पष्ट परिलक्षित हो रहा है कि भाजपा जल्द ही राज्य में नया नेतृत्व चुन लेगी।
गुजरात के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चार नामों का फिलहाल चर्चा है, हालांकि मोदी-शाह के नेतृत्व वाली भाजपा में कोई चौंकाने वाला व कम चर्चित नाम भी सामने आ सकता है। फिलहाल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, सीआर पटेल व पुरुषोत्तम रूपाला का नाम चर्चा में है। मंडाविया को हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहुत उम्मीद से स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेवारी दी है, जिस पर डॉ हर्षवर्द्धन के नेतृत्व में कोरोना की दूसरी लहर में विफल रहने का आरोप लग चुका है। ऐसे में यह एक सवाल है क्या मोदी उन्हें दिल्ली से इतनी जल्दी गांधीनगर भेजेंगे। नितिन पटेल लंबे समय से मुख्यमंत्री पद की रेस में रहे हैं और वे एक मजबूत दावेदार हैं। विजय रूपाणी के मुख्यमंत्री बनने के समय उनके नाम की ही सीएम पद के लिए चर्चा थी।
विजय रूपाणी सात अगस्त 2016 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। कहा जा रहा है कि उनका संगठन से मतभेद था और प्रदेश अध्यक्ष से टकराव चल रहा था। रूपाणी ने पिछले ही महीने मुख्यमंत्री के रूप में अपना पांच साल पूरा किया था, लेकिन मौजूदा टर्म को वे पूरा नहीं कर सके। अब भाजपा ऐसे शख्स को सीएम बनाएगी जिसका चेहरा लेकर वह विधानसभा चुनाव में जा सके, जिसमें पिछली बार कांग्रेस ने उसे कांटे की टक्कर दी थी और दो दशक में पहली बार दो अंकों तक सीमित कर दिया था।


