Hazaribagh News: बरही में धूमधाम से मनाया गया जड़ी-बूटी दिवस, औषधीय पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प
हजारीबाग: बरही पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार के तत्वावधान में आचार्य बालकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर मंगलवार को बरही प्रखंड में जड़ी-बूटी दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। योग गुरु अनिल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में योग साधकों, पतंजलि परिवार के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बरही प्रखंड कार्यालय परिसर में हुई। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम पार्क में औषधीय पौधों का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और आयुर्वेद को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर योग गुरु अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि जड़ी-बूटियां भारतीय आयुर्वेद की अमूल्य धरोहर हैं। यदि लोग इन्हें अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तो अनेक बीमारियों से प्राकृतिक रूप से बचाव संभव है। उन्होंने बताया कि आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस पर हर वर्ष देशभर में जड़ी-बूटी दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को औषधीय पौधों की पहचान, संरक्षण और आयुर्वेद के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने गिलोय, एलोवेरा (घृतकुमारी), तुलसी, सदाबहार, गुड़हल, कढ़ी पत्ता, नीम, हल्दी, अमरूद, पीपल, बरगद, अश्वगंधा और हरसिंगार जैसे औषधीय पौधों के गुणों एवं स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये पौधे हमारे आसपास आसानी से उपलब्ध हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में लोग इनके औषधीय महत्व का पूरा लाभ नहीं उठा पाते।
योग गुरु ने सभी लोगों से अपने घर या आसपास कम से कम एक-दो औषधीय पौधे लगाने और बच्चों को भी इनके महत्व से परिचित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद भारत की अमूल्य सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक विरासत हैं, जिन्हें अपनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन जिया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को औषधीय पौधों के संरक्षण, पौधारोपण और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार का संकल्प दिलाया गया। उन्होंने कहा कि जड़ी-बूटियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी भारत की समृद्ध आयुर्वेदिक परंपरा से जुड़कर निरोग जीवन जी सकें।
इस अवसर पर जिला सोशल मीडिया प्रभारी अनिल कुमार मिश्रा, सहयोग शिक्षक दीपक कुमार सोनी सहित दीपक कुमार गुप्ता, उमेश चंद्रवंशी, जे.एन. किशोर, नवीन चंद्रवंशी, भोला, सुशील कुमार, रवि कुमार गुप्ता, सीताराम केसरी, धर्मेंद्र कुमार, शंकर विश्वकर्मा, गुलाब प्रसाद केसरी, गणेश प्रसाद केसरी, जितन राम, कुमार प्रणव यादव, जलेन्द्र कुमार माली, बसंत शर्मा, बालेश्वर पासवान, चंदन कुमार केसरी, अरुण साव, संतोष पाल केसरी, बालेश्वर यादव, मनोज यादव, महावीर यादव, मनोज राणा, नारायण राम, मुहम्मद फरीद, लोकेश कुमार, रंजीत केसरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


