अम्फान तूफान ने अपना रूप दिखाना शुरू किया, पारादीप में गिरे कई पेड़, दोपहर बाद लैंडफाॅल की संभावना

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर में एनडीआरएफ ने अम्फान चक्रवात के चलते टूटे पेड़ों व बिजली के खंभों को सड़क से हटाया है. दीघा और ओडिशा सीमा के बीच सड़क पर गिरे बिजली तारों को साफ किया गया है.


भुवनेश्वर/कोलकाता : अम्फान चक्रवात ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. सुपर साइक्लोन दिन के साढे 11 बजे के करीब पश्चिम बंगाल के दीघा व हतिया द्वीप समूहों से गुजरा है. दोपहर के बाद इस कारण लैंडफाॅल व भारी बारिश के आसार हैं. एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान ने कहा कि चिंता का विषय यह है कि लैंडफाॅल किस गति से होगा. पश्चिम बंगाल में 19 और ओडिशा में 20 टीमें तैनात की गयी है.


एसएन प्रधान ने कहा कि ओडिशा सरकार के मुताबिक करीब डेढ लाख लोगों को निकाला गया है. बालासोर, भद्रक जिले इससे अधिक प्रभावित होंगे. वहां से अधिक लोगों को निकाला गया है. पश्चिम बंगाल सरकार के अनुसार, 3.30 लाख लोगों को निकाला गया है. दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिनदापुर से अधिक लोगों को निकाला गया है.


न्यूज एजेंसी एएनआइ ने ओडिशा के बालासोर जिले के चांदीपुर में तेज हवाएं चलने का वीडियो जारी किया है. विश्व प्रसिद्ध पुरी जगन्नाथ मंदिर में आज सुबह बारिश के बीच ही पूजा की गयी.


ओडिशा के पारादीप में 102 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चली हैं और कई पेड़ गिर गए हैं. एएनआइ ने इसकी तसवीरें शेयर की हैं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More