बंगाल में समुद्र से बरामद हुआ लापता ट्रॉलर, 9 की मौत, 6 मछुआरे अब भी लापता

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में समुद्र में लापता 'मा काली' ट्रॉलर बरामद कर लिया गया है। ट्रॉलर से रविवार देर रात चार और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या नौ हो गई है।

दक्षिण 24 परगना: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में समुद्री हादसे के बाद लापता मछली पकड़ने वाला ट्रॉलर ‘मा काली’ बरामद कर लिया गया है। ट्रॉलर से रविवार देर रात चार और मछुआरों के शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। वहीं, छह मछुआरे अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए संयुक्त अभियान जारी है।

प्रशासन, तटरक्षक बल, नौसेना, वन विभाग और मछुआरा संगठनों की टीम पूरी रात ट्रॉलर और आसपास के समुद्री क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाती रही। आशंका है कि हादसे के दौरान कुछ मछुआरे समुद्र की तेज लहरों में बह गए।

रविवार रात सुंदरबन विकास विभाग के राज्यमंत्री दीपंकर जाना भी घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की। इस दौरान प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, ‘मा काली’ ट्रॉलर दो जुलाई को दीघा के शंकरपुर बंदरगाह से मछली पकड़ने के लिए निकला था। पांच जुलाई के बाद उसका संपर्क टूट गया था, जिसके बाद बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया गया।

पिछले रविवार को बकखाली तट से करीब 35 किलोमीटर दूर चुलकाठी जंगल के पास बाघेरचर इलाके में ट्रॉलर उलटी अवस्था में मिला था। उसे सीतारामपुर घाट लाने के बाद तलाशी के दौरान अब तक नौ शव बरामद किए जा चुके हैं। फिलहाल लापता छह मछुआरों की तलाश जारी है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More