अद्भुत निर्णय लेनेवाला व्यावहारिक ज्योति बाबू

पी कुमार
बंगाल सिर्फ राज्य नहीं, एक संस्कृति है. एक बदलाव है, एक मूक क्रांति भी है. कई बातें भी समेटे हुए है. इस राज्य में ही ज्योति बाबू ने जन्म लिया था. उनका जन्मदिन आठ जुलाई को अभी-अभी बीता है. चलिए इस ‘करुणा काल’ में करते हैं उनकी बातें.
दोस्तों, ज्योति बसु नाम है. एक पथ-प्रदर्शक, बुद्धिमान, स्थितप्रज्ञता, साहसिकता, संवेदनशीलता, धैर्यशीलता, वैचारिक प्रतिबद्धता का. हालांकि, निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता ने उन्हें आजाद भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक शख्सियत की पहचान दी, यह उनके व्यक्तित्व का ही कमाल था कि वैचारिक भिन्नता के बावजूद उनके नेतृत्व का विपक्ष के नेता भी लोहा मानते थे. अराजनैतिक व संभ्रात परिवार में जन्मे ज्योति बाबू के जीवन में राजनीति का प्रवेश लंदन में अध्ययन के दौरान ही हुआ था.
बहराल, ऐसे समय में जब न सिर्फ बंगाल ही नहीं बल्कि देश के कई हिस्सों में वाम विचारधारा एक तरह से सुस्त पड़ गई है, तो सवाल है कि उनकी चर्चा क्यू और कितनी जरूरी.
23 साल का शासन एक लीडर के नेतृत्व में कम नहीं होता है. बसु के नेतृत्व में ही वाममोर्चा सरकार ने पश्चिम बंगाल में भूमि सुधार का ऐतिहासिक कार्यक्रम अपनाया और देखते ही देखते बंगाल के ग्रामीण क्षेत्रों में शक्ति का संतुलन तेजी के साथ बदलने लगा. वर्षों से स्थगित पड़े पंचायतों व नगरपालिकाओं के चुनाव भी नियमित रूप से होने लगे. त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व का कानून बना. 1998 में पश्चिम बंगाल विधानसभा ने महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करके पूरे देश में एक मिसाल कायम की.
ज्योति बसु के नेतृत्व में ही इस राज्य में महिलाओं को जमीन के संयुक्त पट्टे दिये गये. ये सारी चीजें बड़ी बात है. हालांकि, इन सफलताओं के झंडे गाड़ने वाली बसु सरकार की कमियां भी रहीं. जैसे कि वह बार-बार हड़ताल करनेवाली ट्रेड यूनियनों पर कोई लगाम नहीं लगा सकी. उद्योगों में जान नहीं फूंक सकी और विदेशी निवेश नहीं आकर्षित कर सकी. विदेशी निवेश के कई समझौता पत्रों, एमओयू पर हस्ताक्षर तो किए, लेकिन उनमें से कुछ को ही अमली जामा पहनाया जा सका. सुना कि इसके लिए ज्योति बाबू अपनी सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक तक लड़ते रहे.
दरसअल, ज्योति बसु को एक कट्टर कम्युनिस्ट नेता की तुलना एक विस्मयकारी समाजवादी नेता के रूप में देखना उचित होगा. उनके राजनीतिक करियर पर बहुत करीब से निगाह रखनेवाले राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बसु कम्युनिस्ट कम और व्यवहारिक अधिक दिखते थे. एक सामाजिक प्रजातांत्रिक, लेकिन उनकी सफलता यह संकेत देती है कि सामाजिक लोकतंत्र का तो भविष्य है. लेकिन साम्यवाद का अब और नहीं.
चलिए, थोड़ा लौटते हैं पीछे. 1935 में वे बैरिस्टरी की पढ़ाई करने वह लंदन गये. इस दौरान वे अमूमन लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स जाकर प्रख्यात सामाजिक जनवादी विद्वान हेराल्ड लास्की के भाषण सुनते थे. सुना है कि लास्की के विचारों ने ही उनके भीतर समाजवादी रुझान पैदा किया. इसी बीच 1939 में वे रजनी पाम दत्त के संपर्क में आये, जो ब्रिटिश कम्युनिस्ट पार्टी के एक शीर्ष नेता थे. कहा जाता है कि ब्रिटेन की कम्युनिस्ट पार्टी को संशोधनवाद की ओर भेजने में उनकी अग्रणी भूमिका रही थी. इससे मतलब निकाल सकते हैं कि ज्योति बाबू के शुरुआती राजनीतिक पथप्रदर्शक कौन थे. उन पर कैसा प्रभाव पड़ा होगा.
माना जाता है कि अपनी पीढ़ी के कई उच्च मध्यवर्गीय युवाओं की तरह ज्योति बाबू को समाजवाद के नारे आकृष्ट तो करते थे, लेकिन कम्युनिज्म की क्रान्तिकारी अन्तर्वस्तु को वे पूरी तरह आत्मसात नहीं कर पाये थे. चूंकि वाम दल भी उस समय राष्ट्रीय मुक्ति के लिए और जनवादी क्रांति के लिए लड़ रही थी, इसलिए ऐसे युवा उस समय पार्टी में शामिल हो रहे थे, जिन्हें कांग्रेस की राजनीति रास नहीं आ रही थी. बहरहाल, युवा ज्योति बाबू में तब नौजवानी का जोश, कुर्बानी का जज्बा और आदर्शवाद की भावना तो थी ही. स्वदेश वापसी के बादए वकालत करने के बजाय उन्होंने पेशेवर क्रान्तिकारी का जीवन चुना और मजदूरों के बीच काम करने लगे.
दरअसल, ज्योति बसु एक भद्रलोक कम्युनिस्ट थे. शालीन, सुसंस्कृत. अमूमन देखेंगे कि वो क्रांति और संघर्ष की बातें नहीं करते थे. क्योंकि ये बातें सुधारवादी मध्यवर्ग को भाती नहीं थी. उनका जीवन व कार्य.शैली उनकी राजनीति के सर्वथा अनुरूप थी. इसलिए सामाजिक अशांति से भयाकुल रहनेवाले मध्यवर्ग के उन लोगों को और कुलीन जीवन जीने की चाह रखनेवाले मजदूरों को काफी प्रिय लगते थे. यह इमोशनल मध्यम वर्ग पूंजीवादी व्यवस्था को आमूल रूप से बदल डालने के खतरनाक और जोखिम भरे झंझट से दूर रहकर इसी व्यवस्था को सुधारकर गरीब की जिंदगी में भी बेहतरी लाने के भ्रम में जीता है.
इस वर्ग को लगता है कि शांतिपूर्ण संक्रमण से समाजवाद आ जायेगा. वे मजदूर वर्ग को सलाह देते हैं कि वे मन लगाकर उत्पादन बढ़ाएं, उत्पादन बढ़ेगा तो मालिक कंपनी उनकी तनख्वाहें भी कुछ बढ़ा देंगे. निचोड़ यही है कि वर्ग संघर्ष नहीं, वर्ग सहयोग, क्रान्ति नहीं सुधार और शान्तिपूर्ण बदलाव. ऐसे नेकनीयत मध्यवर्ग के लोगों को बसु जैसे व्यक्तित्व बहुत भाते हैं.
वैसे कम्युनिस्ट आंदोलन ने भारत में जो परिपक्वता हासिल की है. उस पूरी प्रक्रिया में ज्योति बसु के योगदान को कम करके नहीं देखा जा सकता है. दुनिया का कोई भी आंदोलन अपने जन्म के साथ ही पूरी तरह से परिपक्व नहीं होता. अनुभवों से लगातार सीख लेता हुआ ही वह विकसित होता है और इतिहास में अपनी निश्चित भूमिका का पालन करता है. भारत का वाम आंदोलन भी इसका अपवाद नहीं है.
लेकिन, यह भी उतना ही सच है कि मजदूरों-किसानों और मेहनतकशों के बीच कम्युनिस्टों के कार्यों ने जनता में उनके स्थान को निश्चित किया, लेकिन अपने देश में क्रांति के चरणों के बारे में सही समझ के अभाव ने पार्टी के अपेक्षित विकास को बाधित किया. वैसे ज्योति बाबू इस बात की जानते थे कि विचारधारा और सरकार चलाने के बीच एक रेखा है. पहली वाममोर्चा सरकार के अनुभव के बाद ही 1982 में उन्होंने लिखा, हम राजनीतिक तौर पर कितने ही मजबूत क्यों न हो, अपनी ताकत और प्रभाव के आकलन के बारे में किसी भी प्रकार के अतिरेक से बचना समान रूप से महत्वपूर्ण है.
हमारे सरकार में होने पर भी पूंजीवादी. सामंती वर्गीय शासन बरकरार है. मौजूदा ढांचे में बेरोजगारी, महंगाई, गैर बराबरी और वर्गीय शोषण की तरह की बुनियादी समस्याओं का अंत नहीं हो सकता. इसीलिए वाम मोर्चा सरकार के रहने के बावजूद, वर्ग.आधारित संघर्षों की जरूरत बनी रहती है. पिपुल्स डेमोक्रेसी, 3 जनवरी 1982 दरसअल यही वह समझ थी जिसके आधार पर संघर्ष करते हुए वाममोर्चा ने बंगाल में जनता के बीच अपनी जड़ों को मजबूत किया.
उन्होंने 1972 में राज्य की भयावह परिस्थिति को लेकर पश्चिम बंगाल का भविष्य क्या है, शीर्षक से अपना एक निबंध लिखा था. पश्चिम बंगाल में सभी वामपंथी और जनतांत्रिक ताकतों, मजदूरों, किसानों, छात्रों, नौजवानों, महिलाओं आदि के जन संगठनों को सरकार और गुंडों के हमलों को रोकने के लिये साहस और दृढ़ता के साथ एक ऐसी एकता कायम करनी होगी. जैसी पहले कभी नहीं देखी गयी. यह एक कठिन कार्य है, लेकिन आम जनता को ही जन प्रतिरोध के रास्तों को खोज लेना होगा.
वामपंथी पार्टियों को यह सीखना ही होगा कि कैसे जनता के साथ अपने संपर्कों को बनाये रखें. उन्हें प्रत्येक राजनीतिक और आर्थिक सवाल पर आंदोलन छेड़ने होंगे. लेकिन ज्योति बाबू के अंतिम दिनों के कार्यकाल में इस विचार के विरुद्ध ही सबकुछ होता रहा. इसकी कल्पना संभवत उन्होंने भी नहीं की होगी. खबरें आने लगी कि सत्ताधारी दल के कथित समर्थकों ने राज्य के मुहल्ले-मुहल्ले तक, मजदूर बस्तियों से लेकर दुर्गापूजा समितियों तक ऐसा नेटवर्क तैयार कर लिया था कि अस्पताल में भरती होने से लेकर स्कूल में एडमिशन तक का काम उनके बिना नहीं हो सकता था. सवाल है आखिर क्यों?
मन सोच रहा कि क्या हर कद्दावर व्यक्तित्व के नीचे एक निरंकुशता व अराजकता अनजाने में पनपती है. जब तक शीर्ष को पता चलता है तब तक देर हो चुकी होती है.
दूसरी बात, कई बार लगता है कि बंगाल या यूं कहें पूरे देश में वाम विचार के प्रति अचानक लगाव कम होते जाना दरसअल पार्टी के अंदर से बदलाव की इच्छा न पैदा होना भी है. ज्योति बाबू के अंतिम दौर में देखा गया जब भी कोई पार्टी प्रत्याशी हारता, तो कई स्थानीय नेता अपनी गलती ढूंढने के बजाय लोगों को बताने का प्रयास करते कि उसने उसके प्रत्याशी को हराकर गलती की है. धीरे-धीरे यह आत्ममुग्धता यहां तक पहुंची कि कई गंभीर आरोपों की भी पड़ताल नहीं होती थी. इसलिए समय के अनुरूप सक्रियता से नींव ही मजबूत होती है.
वैसे, 1996 में पार्टी उन्हें प्रधानमंत्री बनने की इजाजत दे दी होती, तो खुशी होती. देश को एक अनुभवी व कुशल प्रशासक ही मिलता न.
बातें लंबी है, फिर कभी…अभी बस इतना ही.


