बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर हमला, गाड़ियों को तोड़ा, वापस जाओ के नारे लगे

कोलकाता : पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर राज्य के अलीपुरद्वार में गुरुवार को हमला हुआ. हमलावरों ने उनकी कार के शीशे तोड़ दिए और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया. दिलीप घोष के वापस जाने के भी नारे लगाए गए.

पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के जयगांव इलाके में उनके वाहन पर हमले के साथ ही उन्हें काले झंडे दिखाए गए. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हमले में कलचिनी के विधायक विलसन चंपामारी जिस वाहन से यात्रा कर रहे थे उसे हमले में क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

गोरखा जन मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता मौके पर दिलीप घोष के खिलाफ नारे लगाते दिखे और उन्हें यह कहते हुए सुने गए कि वे यहां से वापस चले जाएं. घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गयी और हालात को काबू में किया.

इस हमले के बाद दिलीप घोष ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस और उसके दोस्तों के आगामी विधानसभा में हार को लेकर हताश हो रहे हैं. हालांकि उनका यह तरीका काम नहीं करेगा, जनता हमारे साथ है. दिलीप घोष ने कहा कि यह घटना बताती है कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गयी है.

जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष सौरव चक्रवर्ती ने कहा कि दिलीप घोष उत्तर बंगाल में उपद्रव की कोशिश कर रहे है और हमारी पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता इस घटना में शामिल नहीं है.

वहीं, रिपोर्ट में कहा गया है कि बिमल गुरुंग के नेतृत्व में जीजेएम ने हाल में तृणमूल कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया है, जबकि गोरखा संगठन का विनय तमांग गुट हमेशा से ही पार्टी का सहयोगी रहा है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More