शिक्षक भर्ती घोटाला : 20 करोड़ रुपए नकद मिलने पर ईडी के अधिकारियों ने बंगाल के मंत्री से की पूछताछ

कोलकाता : कथित शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में 20 करोड़ रूपये नकद मिलने पर ईडी के अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी से शुक्रवार को रातभर पूछताछ की। प्रवर्तन निदेशलय के अधिकारियों ने चटर्जी से शुक्रवार सुबह 8 बजे से पूछताछ शुरू की है जो अब भी जारी है।
मंत्री चटर्जी के करीबियों से ईडी के अधिकारियों को दक्षिण कोलकाता से 20 करोड़ रुपए नकद राशि मिली है। बता दें कि जब यह कथित घोटाला हुआ था, तब पार्थ चटर्जी बंगाल के शिक्षा मंत्री थे। प्रवर्तन निदेशालय इस घोटाले में कथित रूप में शामिल लोगों के खिलाफ धनशोधन संबंधी पहलू की जांच कर रहा है।
इससे पहले ईडी ने कहा था कि पश्चिम बंगाल में स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) घोटाले में तृणमूल कांग्रेस के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी के एक सहयोगी के आवासीय परिसर से लगभग 20 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए है। विज्ञप्ति के अनुसार तलाशी में नगद के अलावा कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज, रिकॉर्ड, संदिग्ध कंपनियों का विवरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, विदेशी मुद्रा और सोना संबंधितों के विभिन्न परिसरों से बरामद किए गए हैं।
ईडी ने दिन के दौरान चटर्जी के परिसरों पर छापा मारा था। ईडी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा था कि नकदी की गिनती का काम मशीनों से करने के लिए बैंक अधिकारियों की मदद ली जा रही है। इस राशि का संबंध एसएससी घोटाले से होने का संदेह है। केंद्रीय एजेंसी ने यह भी दावा किया कि उसने मुखर्जी के परिसर से 20 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं।


