अलचिकि लिपि में संताली की पढाई शुरू करने का संताली स्कॉलर कालीदास मुर्मू ने किया स्वागत

दुमका : संताली भाषा के स्कॉलर कालिदास मुर्मू ने जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष हेम्ब्रम को अलचिकि लिपि में संताली भाषा की पढाई चालू करने की पहल के लिए बधाई दी है। डीएसई ने अपने कार्यालय के पत्रांक 1089 दिनांक 2 दिसंबर 2022 निर्गत कर विद्यालयों में अलचिकि लिपि के माध्यम से संताली की पढाई चालू कराने का आदेश दिया है। मुर्मू ने बताया है कि विलंब से ही सही डीएसई, दुमका की यह पहल सराहनीय है। अलचिकि लिपि संताली भाषा की विज्ञान सम्मत लिपि है।
पंडित रघुनाथ मुर्मू ने वर्ष 1925 में इस लिपि का अविष्कार किया था। यह संताली के लिए आधिकारिक लेखन प्रणाली है, जो राष्ट्र में एक आधिकारिक क्षेत्रीय भाषा के रूप में मान्यता प्राप्त है। साथ ही इस भाषा एवं लिपि का अपना यूनिकोड संख्या यू प्लस 1ब्50.यू प्लस 1ब्75 है। कालिदास मुर्मू ने बताया कि केंद्र सरकार के भारत के भाषा संस्थान मैसूर में वर्ष 2009 से अलचिकि लिपि में सरकारी अधिसूचना प्रकाशित होती है। रांची स्थित राजभवन के प्रवेश द्वार पर पूर्व में ही अलचिकि में लेखन कराया गया है। राज्य सरकार ने संताल परगना प्रमंडल के सरकारी कार्यालय, विद्यालय, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन में हिंदी के साथ अलचिकि में लेखन कराया है। भारतीय संविधान में किसी भाषा का एक लिपि ही मान्य है। यहां देवनागरी एवं रोमन लिपि में संताली की पढाई होती है।




