Sahibganj News: पानी भरने गयी दमकल की गाड़ी गंगा में समायी, चालक लापता

साहिबगंज: गंगा नदी में पानी भरने गयी दमकल की एक गाड़ी नदी में डूब गई. हादसे में चालक लापता बताया जा रहा है. घटना साहिबगंज के राजमहल अनुमंडल स्थित गंगा तट पर शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे हुई. बताया गया कि राधा नगर में तैनात दमकल वाहन गंगा से पानी भरने के लिए तट पर आई थी. अग्निशमन वाहन के चालक अरुण कुमार वाहन को बैक करके गंगा तट पर पहुंचे थे. इसी दौरान मिट्टी धंस गई और दमकल वाहन गंगा में समा गया. इस दौरान वाहन के चालक अरुण कुमार बाहर नहीं निकल सके.
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल एसडीओ कपिल कुमार, एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, सीओ यूसुफ शेख, अग्निशमन पदाधिकारी मनोज कुमार शुक्ला गंगा तट पर पहुंचे. तत्काल गोताखोर को बुलाया गया. गोताखोर गंगा में उतरे और नदी में समाये दमकल वाहन के लापता चालक की खोजबीन में जुट गए. फ़िलहाल अभी तक चालक अरुण कुमार का पता नहकी लग पाया है.


