रांची में शुरू हुई दो दिवसीय रेस वाकिंग चैंपियनशिप

रांची: राजधानी में शनिवार को रेस वाकिंग चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। तीसरी अंतरराष्ट्रीय और सातवीं राष्ट्रीय रेस वाकिंग चैंपियनशिप की शुरुआत मोरहाबादी मैदान में हुई। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन 15 और 16 फरवरी को किया जा रहा है। वहीँ, झारखंड पहली बार इस चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है।
इसका आयोजन झारखंड एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस चैंपियनशिप में श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल के पांच एथलीट भाग ले रहे हैं। इसमें तीन सौ से ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन अधिकांश विदेशी खिलाड़ी कोरोनावायरस के कारण प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिए। इस कारण से सिर्फ 140 खिलाड़ी ही इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए रांची पहुंचे।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के हाई परफारर्मेंस डायरेक्टर वोल्कर हारमन के अनुसार इस चैंपियनशिप में जो भी खिलाड़ी ओलंपिक क्वालीफ़ायर समय पर रेस खत्म करेगा, वह सीधे टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। वहीँ भारतीय एथलीटों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि वे उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं। जबकि एक भारतीय एथलीट ओलंपिक के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुका है।




