रांची के बंद फ्लैट में मिला युवक का शव, दो दिन तक किसी को नहीं लगी भनक!

अरगोड़ा के बंद फ्लैट से बरामद हुआ युवक का शव

रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक बंद फ्लैट के कमरे से सोमवार को युवक का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक की मौत करीब दो दिन पहले ही हो चुकी थी। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को अपने कब्जे में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी सतीश गोराई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक अपनी बुजुर्ग मां के साथ उसी फ्लैट में रहता था। मां-बेटे की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी और दोनों भीख मांगकर किसी तरह अपना जीवनयापन कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More