मेरा युवा भारत के तत्वावधान में रातू रोड में मनाया गया आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस

रातू रोड में आयोजित आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के कार्यक्रम में उपस्थित युवा व अतिथि।

रांची: मेरा युवा भारत (MY Bharat), रांची के तत्वावधान में रातू रोड, रांची में अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपदा जोखिम न्यूनीकरण, आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. गौरव अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्गा कुमार ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का संचालन आसिफ अशर्फी ने किया।

मुख्य अतिथि डॉ. गौरव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आपदाओं को पूरी तरह समाप्त करना हमेशा हमारे नियंत्रण में नहीं होता, लेकिन जागरूकता, पूर्व तैयारी, समय पर चेतावनी और सामूहिक प्रयासों से उनके जोखिम एवं नुकसान को निश्चित रूप से कम किया जा सकता है। इस दिशा में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवा समाज में जागरूकता फैलाकर, आपातकालीन परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाकर तथा राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग देकर महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक देशभर में विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भी युवाओं को प्रशिक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार बनाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में लगभग 50 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें से 20 युवाओं ने आपदा से बचाव, सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को आपदा के प्रति सतर्क रहने, अफवाहों से बचने, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम उपनिदेशक श्वेता सिंह के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम का समापन आपदा जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित एवं आपदा-सक्षम समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More