भाजपा प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों की बैठक आयोजित कर हुई समीक्षा

प्रेसवार्ता के दौरान उपस्थित प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और अन्य पदाधिकारीगण।

रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में ऐसे ऐतिहासिक कार्यों को संभव कर दिखाया, जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। उनके नेतृत्व में देश ने निर्णय क्षमता, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक गौरव के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। आज भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों एवं विधायकों की बैठक आयोजित कर अभियान के तहत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न विषयों पर प्रस्ताव पारित किए गए।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सालों से एक जनप्रतिनिधि के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने 13 साल मुख्यमंत्री के रूप में तथा 12 साल प्रधानमंत्री के रूप में कई ऐतिहासिक और उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया गया। तीन तलाक जैसी कुरीति को समाप्त करने की हिम्मत किसी ने नहीं दिखाई थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद से कानून बनाकर समाप्त किया तथा मुस्लिम माताओं एवं बहनों को इस त्रासदी से बाहर निकाला।

मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में आधारभूत संरचना का विस्तार किया गया, देश में सड़कों का जाल बिछाया गया, रेलवे कनेक्टिविटी को बढ़ाया गया तथा रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त की गई।

उन्होंने गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, शौचालय और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीबों तक सरकारी सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया है। आज किसी भी व्यक्ति की अनाज के अभाव में मृत्यु नहीं होती है और नरेंद्र मोदी सरकार में देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्य उग्रवाद से प्रभावित थे और झारखंड भी इससे अछूता नहीं था, लेकिन आज चारों तरफ शांति है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में उग्रवाद लगभग समाप्त हो चुका है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले पाकिस्तान द्वारा प्रशिक्षित आतंकवादी भारत में जगह-जगह बम ब्लास्ट करते थे, लेकिन मोदी सरकार के बनते ही वह सब बंद हो गया है। आज किसी की मजाल नहीं है कि भारत की तरफ आंख उठाकर देख सकने का दुस्साहस करे। भारत ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक और अन्य जवाबी कार्रवाई कर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार में जनजातीय समाज को पूरा सम्मान दिया गया। आदिवासी क्रांतिकारी नेता अमर शहीद बिरसा मुंडा के जन्मदिवस 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया गया, ताकि देश उनके अदम्य साहस और स्वतंत्रता संग्राम में उनके महत्वपूर्ण योगदान को जान सके। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हुए, जो बिरसा मुंडा सहित अन्य सभी महापुरुषों के गांवों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का विशेष ध्यान झारखंड पर भी रहा है। उनके नेतृत्व में हजारीबाग और गोड्डा को रेलवे लाइन से जोड़ा गया तथा देवघर में एम्स और एयरपोर्ट का निर्माण कराया गया। झारखंड में भाजपा सरकार के कार्यकाल में तीन मेडिकल कॉलेज बने थे, लेकिन राज्य में सरकार बदलने के बाद स्थिति जस की तस बनी हुई है और चाईबासा में मेडिकल कॉलेज का निर्माण अधूरा ही रह गया है। इसके अलावा, गंगा नदी पर पुल का निर्माण किया गया है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में सामाजिक कार्य करने वाली कई विभूतियों को नरेंद्र मोदी की सरकार में पद्मश्री एवं पद्मभूषण जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जिसके तहत शिबू सोरेन को भी पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। अंत में उन्होंने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अविनेश कुमार सिंह एवं के.के. गुप्ता भी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More