रांची के अखबार : झारखंड में कोरोना के नौ नए संदिग्ध मरीज, 13 को लाॅकडाउन बढाने पर फैसला लेंगे हेमंत, अन्य खबरें

 

प्रभात खबर की आज की लीड खबर है : 14 के बाद लाॅकडाउन रह सकता है जारी, पीएम बोले सोशल इमरजेंसी जैसी स्थिति. यह खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद के दोनों सदनों के फ्लोर लीडर्स के साथ की गयी बैठक के हवाले से है. अखबार ने लिखा है कि उत्तराखंड कैबिनेट ने फैसला लिया है कि वह केंद्र से लाॅकडाउन बढाने की सिफारिश करेगा. वहीं, कर्नाटक सरकार कोरोना मुक्त जिलों में 14 फरवरी के बाद लाॅकडाउन हटाने के पक्ष में है. खबर में यह उल्लेख है कि लाॅकडाउन बढाने के संबंध में आखिरी निर्णय 11 अप्रैल को राज्यों के मुख्यमंत्रियों के प्रधानमंत्री की होने वाली वीडियो कान्फ्रेंसिंग के बाद लिया जाएगा. यह खबर भी है कि देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5200 के पार पहुंच गया है और मरने वालों की संख्या 149 हो चुकी है. एक छोटी सी खबर है कि यूपी में 15 जिलों में संक्रमण के ठिकानों को सील कर दिया गया है. वहीं, पुणे में कोरोना से एक ही दिन में आठ लोगों की मौत हो गयी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि प्राइवेट लैब में कोरोना की मुफ्त जांच हो. अखबार ने एक खबर दी है कि झारखंड में कोरोना के नौ नए संदिग्ध मरीज चिह्नित किए गए हैं. इनमें बोकारो में चार व रांची में पांच हैं.

प्रभात खबर के कवर पेज – 2 पर एक टाॅपबाॅक्स खबर है कि बीआइटी सिंदरी के पूर्व छात्र नीरज मदान ने कोरोना टेस्ट का सस्ता किट बनाया है. आइसीएमआर व एनआइवी पुणे ने इस जांच किट को मंजूरी दे दी है और इसकी कीमत साढे तीन सौ से 400 रुपये के बीच हो सकती है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के वरिष्ठ डाक्टरों एवं निजी अस्पतालों के साथ बैठक की, जिसमें उन्हें सलाह दी गयी कि लाॅकडाउन की अवधि बढा दी जाए. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 को फैसला लेंगे. एक खबर है कि होटवार जेल के क्वारंटाइन वार्ड में कैदी ने फांसी लगा ली. एक खबर है कि राज्य के 19 लाख छात्रों का रिजल्ट लाॅकडाउन हो गया, इनमें कक्षा आठ से लेकर 12वीं तक के छात्र हैं. एक खबर है कि डाॅक्टर जांच रिपोर्ट का करते रहे इंतजार मरीज की हो गयी मौत. यह रिम्स की घटना है जहां डाॅक्टरों 61 वर्षीया महिला के कोरोना जांच रिपोर्ट के इंतजार में डायलिसिस का इंतजार करते रहे.

हिंदुस्तान की लीड खबर का शीर्षक है : संकेत: लाॅकडाउन अवधि और बढेगी. संसद में विभिन्न दलों के नेताओं के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में इस समय सामाजिक आपातकाल जैसी स्थिति. एक खबर है कि रिम्स में एक और कोरोना संदिग्ध की मौत हो गयी है. यह खबर भी है कि सूबे में लाॅकडाउन बढाने पर फैसला 13 को. अखबार ने कोरोना की देशव्यापी खबर को शीर्षक दिया है: चिंताजनक: देश में पांच हजार से ज्यादा संक्रमित, 149 मरे. एक संक्षिप्त खबर है कि रांची में भूकंप के हल्के झटके लगे. अखबार ने खबर दी है ढुलू महतो की अर्जी को कोर्ट ने खारिज कर दिया. यह खबर है कि विश्वविद्यालयों में रद्द हो सकती है गर्मी की छुट्टी. एक खबर है कि पांच लाख तक के लंबित टैक्स रिफंड तुरंत मिलेगा. कोरोना से उत्पन्न परिस्थिति से जुड़ी एक खबर है कि कहीं लाॅकर में अस्थिकलश, कोई घरों में पढेगा फातिहा.

दैनिक जागरण की लीड खबर है : झारखंड में मिले कोरोना के नौ और पाॅजिटिव. अखबार ने लिखा है कि संक्रमितों की संख्या बढकर 13 हुई, जमातियों से फैला संक्रमण. नए मामलों में पांच रांची के हिंदपीढी के और चार बोकारो के हैं. अखबार ने एक खबर दी है कि उत्तरप्रदेश के 15 जिलों में कोरोना के 108 हाॅटस्पाॅट चिह्नित, सील. एक खबर है कि लाॅकडाउन बढाने का फैसला प्रधानमंत्री पर छोड़ा. डाॅक्टरों की सिफारिश की यह खबर भी है कि झारखंड में सरकार लाॅकडाउन बढाए. वहीं, एक खबर है भारत ने दवा आपूर्ति को हां कहीं तो ट्रंप ने कहा अच्छे इंसान हैं मोदी. यह खबर भी है कि रांची सहित कई जिलों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए.

दैनिक भास्कर की लीड खबर है : झारखंड में एक दिन में नौ नए मरीज. यह खबर रांची व बोकारो में नए कोरोना मरीज मिलने को लेकर है. अखबार ने लिखा है कि रांची के हिंदपीढी में पांच मरीज मिले जो शहर के दूसरे कोरोना मरीज 52 वर्षीया महिला के परिवार के सदस्य हैं. वहीं, बोकारो के चंद्रपुरा में उसी तेलोगांव में मरीज मिले जहां जिले की पहली कोरोना मरीज मिली थी. एक खबर है कि लाॅकडाउन के कारण 76 दिन वुहान में फंसे रहे 1.1 लाख लोग घर लौटे. गुमला की घटना वाली खबर भी है जहां कोरोना फैलाने की अफवाह पर हुए टकराव में एक की जान गयी. वहीं, रांची में बारिश होने की खबर व तसवीर भी पहले पन्ने पर है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More