डीएसपीएमयू में एकेडमिक काउंसिल की बैठक में यूजीसी पीएचडी रेगुलेशन 2022 ड्राफ्ट पारित

रांची: अपराह्न 3 बजे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची में कुलपति डॉ राजीव मनोहर की अध्यक्षता में एकेडमिक काउंसिल की बैठक विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में आयोजित की गई। विद्यार्थियों के लिए अकादमिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण इस बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा निर्मित यूजीसी पीएचडी रेगुलेशन, 2022 के आधार पर नए ड्राफ्ट की प्रति को एकेडमिक काउंसिल के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पूरी एकेडमिक काउंसिल के सदस्यों से अंतिम स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत पारित कर दिया गया।
यूजीसी पीएचडी रेगुलेशन, 2022 के आधार पर निर्मित इस प्रस्ताव के अनुसार विश्वविद्यालय में पीएचडी पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं पीएचडी के लिए पात्र तथा पीएचडी एडमिशन के लिए पात्र नेट, जेट उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। इस प्रस्ताव के अनुसार असिस्टेंट प्रोफेसर अधिकतम चार, एसोसिएट प्रोफेसर छह और प्रोफेसर आठ विद्यार्थियों का पीएचडी पाठ्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। यहां यह भी स्पष्ट किया गया कि विश्वविद्यालय उपरोक्त श्रेणियों की अहर्ता के अतिरिक्त पीएचडी में नामांकन के लिए अलग से विश्वविद्यालय स्तर पर प्रवेश प्रक्रिया का आयोजन नहीं करेगा।
कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने इस संबंध में कहा कि पीएचडी में प्रवेश विभागों में उपलब्ध रिक्त शोध सीटों और विभागीय संसाधनों और शोध पर्यवेक्षकों की क्षमता के आधार पर होगा। कुलपति डॉ राजीव मनोहर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एकेडमिक काउंसिल के सदस्यों से विमर्श के दौरान इस बात पर भी सर्वसम्मति बनी कि विभिन्न विभागों में पीएचडी की उपलब्ध रिक्त सीटों की संख्या स्पष्ट होते हीं विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया को प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इसी एकेडमिक काउंसिल की बैठक में दूसरे महत्वपूर्ण मसले विश्वविद्यालय में यानि वर्तमान सत्र में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नामांकन को लेकर एकेडमिक काउंसिल में पुराने पाठ्यक्रमों और नई शिक्षा नीति के तहत नामांकन लिए विद्यार्थियों के स्नातकोत्तर में प्रवेश को लेकर गहन विमर्श किया गया। विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता में रखते हुए, नयी शिक्षा नीति के तहत तीन वर्षीय यूजी पाठ्यक्रम पूरा करनेवाले विद्यार्थी और पूर्व में पुराने पाठ्यक्रम से स्नातक करने वाले विद्यार्थियों को सर्वसम्मति से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने पर सर्वसम्मति बनीं।
कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने इस अकादमिक काउंसिल की बैठक की समाप्ति के उपरांत कहा कि दो मुख्य एजेंडों पर एकेडमिक काउंसिल ने अपनी सहमति प्रदान कर उसे पारित कर दिया और विश्वविद्यालय अक्टूबर माह के अंत तक पीएचडी और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया को संपन्न कराने को लेकर कटिबद्ध है। कुलपति डॉ राजीव मनोहर की अध्यक्षता में हुई अकादमिक काउंसिल की बैठक में कुलसचिव डॉ धनंजय वासुदेव द्विवेदी, वित्त पदाधिकारी अनिता मेहता, परीक्षा नियंत्रक शुचि संतोष बरवार सहित सभी डीन, विभागाध्यक्ष और समन्वयक मौजूद थे। यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।


