रांची: कांग्रेस आदिवासी विरोधी है उसने कभी आदिवासियों के हित की बात नहीं की है। लेकिन इन दिनों चुनाव को देखते हुए कांग्रेस खुद को आदिवासी हितैषी दल घोषित करने का प्रयास लगातार कर रही है। यह बातें भाजपा प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने प्रेसवार्ता में कहीं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अभी हाल ही में आदिवासी विरोधी होने का उदाहरण पेश किया है कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत जो आदिवासी चेहरा हुआ करते थे, एवं आदिवासियों के हितैषी भी रहे हैं।
उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया एवं एक ऐसे इंसान को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौपीं गयी जिसे झारखंड की संस्कृति का क ख ग भी नहीं पता है।
इससे साफ नजर आता है की कांग्रेस आदिवासियों का उत्थान नहीं चाहती। श्री प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस झारखंड राज्य के गठन का भी विरोध करती रही है। यहां के खनिजों को लुटने की मंशा रखती रही है। इन सब के बावजूद आज कांग्रेस और कांग्रेस के प्रत्याशी झारखंड में खुद को आदिवासी हितैषी होने की बात कर रहे हैं।
भाजपा कार्यालय को बम से उड़ाने के पीछे राजद का हाथ:
पलामू के हरिहरगंज स्थित भाजपा कार्यालय को बम से उड़ाने के विषय में दीपक प्रकाश ने कहा कि यह एक सुनियोजित हमला था जिसे उग्रवादियों द्वारा अंजाम दिया गया था, लेकिन इस हमले के पीछे राजद का भी हाथ होने की शंका जाहिर की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई जगह नहीं है हरिहरगंज में हुए इस हमले का हम कड़ी निंदा करते हैं इसका जांच होना चाहिए।
वहीं श्री प्रकाश ने राज्य के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉक्टर के के सिन्हा के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।