वेलेंटाइन डे के दिन रांची में मोरल पुलिसिंग, पार्क में लड़का-लड़की के साथ दिखने पर भरवायी मांग

Moral policing in Ranchi on Valentine Day in Ranchi

रांची : वेलेंटाइन डे के दिन रांची में मोरल पुलिसिंग का बेहद खराब मामला देखने को मिला. शहर के मोरहाबादी स्थित आकसीजन पार्क में साथ घूम रहे एक लड़के और लड़की से लड़कों के एक झुंड ने पूछताछ के बाद लड़के को लड़की की मांग में सिंदूर भरने के लिए मजबूर कर दिया. पार्क में 14 फरवरी को कई लोग घूम रहे थे, जिसमें लड़के-लड़कियां भी थे. जब करीब 12 लड़कों का एक झुंड पार्क में आया तो अधिकतर लड़के-लड़की वेलेंटाइन डे के खतरे के मद्देनजर वहां से निकल गए लेकिन उन हुड़दंगियों ने एक लड़के व उसके साथ घूम रही लड़की को रोक लिया और फिर उनसे पूछताछ करने लगे.

युवकों ने दोनों से पूछताछ की तो लड़के ने लड़की को अपनी पत्नी बताया. इसके बाद लड़कों ने कहा तो इस लड़की की मांग में सिंदूर दो. लड़कों के झुंड ने अपने पास से ही लड़के को सिंदूर दिया. भय से लड़के ने सबके सामने लड़की मांग में सिंदूर भरा. इस दौरान पार्क के कर्मचारियों ने कोई विरोध नहीं किया जबकि वहां खड़े गार्ड सुरक्षा के लिए होते हैं. किसी वयस्क लड़के लड़की की दोस्ती अपना निजी मामला है. वे साथ काम करने वाले, साथ पढने वाले या प्रेमी युगल हो सकते हैं. संभव है लड़के ने वेलेंटाइन डे पर दुव्र्यवहार के खतरे के मद्देनजर ही लड़की को अपनी पत्नी बता दिया हो, भले वह उसकी पत्नी न हो और अगर वह उसकी पत्नी है भी तो इस तरह कोई किसी को सार्वजनिक रूप से अपनी पत्नी की ही मांग भरने के लिए मजबूर नहीं कर सकता.

इस घटना के दौरान लोग तमाशा देखते रहे. लड़कों के झुंड ने उस लड़के को लड़की के घर वाले को फोन करने को भी मजबूर किया, तभी पीसीआर वैन आ गयी और सारे हुड़दंगी वहां से भाग निकले. हालांकि खबर लिखे जाने तक इस मामले में थाने में मामला दर्ज नहीं कराया गया.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More