सीएम आवास नेमरा में फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन कर रहे हैं मुख्यमंत्री

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म को लेकर अपने पैतृक गांव नेमरा में हैं। एक ओर जहां मुख्यमंत्री की दिवंगत माता को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा हुआ है, वहीं दूसरी ओर अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर भी बड़ी संख्या में लोग नेमरा पहुंच रहे हैं। लोगों ने आज भी मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं रखीं और उनके त्वरित निदान का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने बारी-बारी से सभी लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके द्वारा दिए गए आवेदनों को स्वीकार करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ जिले के बेराटांड़ स्थित भरेचनगर निवासी रामकिशुन बेसरा के पुत्र अनूप बेसरा के कान के इलाज हेतु 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने करीब छह वर्षीय अनूप बेसरा को ‘मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना’ के तहत चिकित्सा अनुदान के रूप में सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराते हुए 48 घंटे के भीतर यह सहायता राशि उपलब्ध कराई है।
विदित हो कि पिछले दिनों नेमरा में ही अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपने बेटे के कान के इलाज में अत्यधिक राशि खर्च होने के कारण सहयोग का अनुरोध किया था। उनके पुत्र का इलाज क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लौर में चल रहा है, जहां चिकित्सकों ने उसके सुनने के अंग (इंटरनल ईयर) को बदलने की सलाह दी है। इस प्रक्रिया में भारी खर्च आने की बात सामने आने पर रामकिशुन ने नेमरा पहुंचकर अपनी समस्या मुख्यमंत्री को बताई थी।
मुख्यमंत्री ने इस मामले को तुरंत संज्ञान में लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया था। इस पर रामगढ़ जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी औपचारिकताएं पूरी कीं और आज नेमरा में ही अनूप बेसरा को 10 लाख रुपये का चेक प्रदान कर दिया गया। अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने इस आर्थिक मदद के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनके पुत्र के इलाज में बहुत बड़ी सहायता मिलेगी।


