Ranchi News: एनयूएसआरएल में पांच दिवसीय YES! कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने सीखे तनाव प्रबंधन और जीवन कौशल

रांची: नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (एनयूएसआरएल), रांची में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और जीवन कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच दिवसीय यूथ एम्पावरमेंट एंड स्किल्स (YES!) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झारखंड स्टेट फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी की ओर से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत एनयूएसआरएल के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक चला।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, नवाचार, समस्या समाधान, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था। इसके तहत विद्यार्थियों को व्यक्तिगत और शैक्षणिक जीवन में बेहतर संतुलन स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
योग और अभ्यासों से तनाव प्रबंधन की सीख
कार्यक्रम के विभिन्न सत्र आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षिका रिया तायल ने संचालित किए। सत्रों में योग, क्रियाओं, संवादात्मक गतिविधियों, खेलों और अनुभव आधारित अभ्यासों के माध्यम से विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, एकाग्रता, सकारात्मक सोच, आत्म-जागरूकता और बेहतर संवाद कौशल विकसित करने की सीख दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वर्तमान में जीने, असफलताओं से सीखने और जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक तरीके से सामना करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव
एनयूएसआरएल की बीए एलएलबी की छात्रा सुप्रिया ने कार्यक्रम को शानदार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि पांच दिनों के दौरान उन्होंने कई उपयोगी बातें सीखीं। उनके अनुसार, कार्यक्रम में कराई गई क्रियाएं प्रभावी और मन को शांत करने वाली थीं। अन्य प्रतिभागियों से मिलने और उनके साथ संवाद करने का अनुभव भी उनके लिए उपयोगी रहा।
बीए एलएलबी (2026–31 बैच) की छात्रा कुमारी अनन्या ने बताया कि कार्यक्रम से उन्हें किसी भी कार्य को पूरे ध्यान से करने, वर्तमान में जीने और असफलताओं को स्वीकार कर उनसे सीखने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि दूसरों की राय से प्रभावित होने के बजाय उपयोगी सलाह को महत्व देना और एक अच्छा श्रोता बनना भी जरूरी है। उन्होंने सत्रों को संवादात्मक और रोचक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें स्वयं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।
प्रथम वर्ष के बीए एलएलबी छात्र पृथ्वी राज ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम में शामिल होने का यह उनका पहला अनुभव था। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से तनाव कम करने, दिनचर्या और नींद के समय में सुधार करने तथा अनावश्यक सोच से बचने से जुड़ी उपयोगी सीख मिली। उन्होंने वर्तमान में जीने, संबंधों में परिपक्वता बनाए रखने और बोलने से पहले दूसरों की बात ध्यान से सुनने के महत्व को भी समझा।
व्यक्तिगत और शैक्षणिक जीवन में संतुलन पर जोर
पांच दिवसीय YES! कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी आदतों, व्यवहार और जीवनशैली पर विचार करने के साथ व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक जीवन में संतुलन बनाने के व्यावहारिक तरीके सीखने का अवसर दिया। यह पहल विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रही।


