झारखंड में तीन कब्रिस्तान से लौटने के बाद रात ढाई बजे कोरोना पीड़ित को किया गया सुपुर्द-ए-खाक

रांची : रांची में कोरोना पीड़ित के लिए मौत के बाद दो गज जमीन मयस्सर होने में 18 घंटे लगे. पीड़ित के शव को लेकर जिला प्रशासन दिन भर जिन कब्रिस्तानों में जाता रहा वहां उसे लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा. लोगों का विरोध इस बात को लेकर था कि ऐसा करने पर आसपास के इलाके में कोरोना फैल सकता है. आखिरकार रविवार रात ढाई बजे मृतक को अपने इलाके हिंदपीढी के कब्रिस्तान में ही जिला प्रशासन की मौजूदगी में सुपुर्द के खाक किया गया. इस दौरान जिला प्रशासन के लोग मौजूद रहे.

कल सुबह रांची के हिंदपीढी इलाके के एक 60 वर्षीय कोरोना पीड़ित व्यक्ति की रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गयी थी. इसके बाद उस व्यक्ति के शव एक बजे बरियातू कब्रिस्तान दफनाने के लिए ले जाया गया, लेकिन वहां कब्र को छोटा बता कर विरोध किया गया. फिर दिन के ढाई बजे रातू रोड स्थित कब्रिस्तान ले जाया गया. रातू रोड कब्रिस्तान के पास स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. यहां कब्र भी खोद ली गयी थी. लेकिन, लोगों के विरोध के कारण शव को नहीं दफनाया जा सका. शाम साढे पांच बजे तक विरोध व हंगामा चलता फिर ट्रैफिक एसपी को यह कहना पड़ा कि यहां शव नहीं दफनाया जाएगा. लोगों का कहना था कि बारिश होने पर कब्रिस्तान का पानी मुहल्लों में फैल जाता है जिससे संक्रमण हो सकता है.

प्रशासन के लोगों ने इस संबंध में केंद्र सरकार की गाइडलाइन भी लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन लोग नहीं माने. इस संबंध में डब्ल्यूएचओ की गाइडलाइन भी है कि शव को मृतक की आस्था के अनुसार जलाया या दफनाया जा सकता है. इसके बाद रात में रांची के बाहरी इलाके जुमार पुल के पास स्थित कब्रिस्तान में शव को दफनाने ले जाया गया लेकिन सूचना पर वहां के लोग भी जुट गए और विरोध जताने लगे. इसके कारण जिला प्रशासन को फिर कदम पीछे खींचना पड़ा. हालांकि जिला प्रशासन ने लाॅकडाउन का उल्लंघन कर हंगामा करने के आरोप में 150 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

आखिरकार प्रशासन ने हिंदपीढी के बच्चा कब्रिस्तान में शव को दफनाने का निर्णय लिया. मृतक व्यक्ति यहीं के रहने वाले थे. हिंदपीढी के लोगों में इस बात पर सहमति बनी कि शव को यह दफनाने दिया जाए.

अंजुमन इस्लामिया के महासचिव हाजी मुख्तार अहमद ने कहा है कि बरियातू के कब्रिस्तान में शव को दफनाने का कोई विरोध नहीं था, लेकिन जिला प्रशासन को लगा कि यहां जगह कम पड़ेगी, इसलिए उन्होंने यहां शव दफनाने का फैसला छोड़ दिया.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More