जेसोवा के दीवाली मेले में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रण

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी धर्मपत्नी-सह-विधायक कल्पना सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 29 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय दीवाली मेले में सपरिवार शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
पांच दिनों तक चलेगा दीवाली का उत्सव
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले इस मेले में कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले में देशभर के उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पाद, पारंपरिक कपड़े, फैशन एक्सेसरीज और सजावटी सामान की बिक्री के लिए 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।
सामाजिक कल्याणकारी कार्यों की दी जानकारी
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेसोवा की ओर से राज्य में संचालित विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी कार्यों, कार्यक्रमों और गतिविधियों की भी विस्तृत जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल में ये सदस्य रहीं शामिल
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमारी, उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता शुक्ला, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह तथा कार्यकारिणी समिति की सदस्य रंजना कुमार और दिव्या श्री शामिल रहीं।


