बिरसा मुंडा की धरती पर उतरे राष्ट्रपति, राज्यपाल- सीएम ने की आगवानी

रांची: भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार की शाम पांच बजे विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां पहले से मौजूद राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गर्मजोशी के साथ उनकी आगवानी की। इस मौके पर शहर की प्रथम नागरिक मेयर आशा लकड़ा व प्रदेश के मुख्य सचिव डाॅ डीके तिवारी भी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से राजभवन के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के झारखंड आगमन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए टवीटर पर लिखा है कि बिरसा मुंडा की पावन धरती पर प्रदेश के पौने तीन करोड़ लोगों की ओर से उनका अभिनंदन है। एयरपोर्ट से राजभवन जाने के क्रम में प्रशासन ने कठोर सुरक्षा के इंतजामात किये थे। कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई थी। रविवार को राष्ट्रपति गुमला जिले के बिशुनपुर में विकास भारती का ट्राइबल सेंटर देखने जाएंगे। इसके बाद देवघर में बाबा वैद्यनाथ धाम मंदिर में भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे रांची से कोलकता के लिए उड़ान भरेंगे।
भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती झारखण्ड आगमन पर सवा तीन करोड़ झारखण्डवासियों की ओर से माननीय राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द जी का हार्दिक अभिनंदन ।
@rashtrapatibhvn https://t.co/T7CWGMfDyC— Raghubar Das (@dasraghubar) September 28, 2019


