रांची: भाजपा विधायक शिव शंकर उरांव ने झामुमो के तोरपा विधायक पौलुस सुरीन के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खूंटी के साथ- साथ पूरे झारखंड में ठगबंधन दलों में गठबंधन जनभावानाओं के खिलाफ हुआ है। उन्होंने कहा कि झामुमो के विधायक, पदाधिकारी सभी के मन में पौलुस सुरीन और जयप्रकाश भाई पटेल की तरह की भावना है। फर्क यहीं है कि इन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त कर दी है और लोग चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वार्थ के गठबंधन से सहयोगी दलों के नेता ही नाराज हैं।
श्री उरांव ने कहा कि झारखंड गठबंधन दलों में मेल महज स्वार्थ के लिए हुआ है। उनके पास देश व झारखंड के विकास की कोई रूपरेखा नहीं है। सभी मिलकर झारखंड को लूटेंगे। झारखंड की जनता को गर्त में ले जाएंगे। कांग्रेस, झामुमो और राजद यही पार्टी है, जिसने एक निर्दलीय का साथ देकर उसे मुख्यमंत्री बना दिया। उसकी आड़ में झारखंड और झारखंड की जनता को लुटते रहे। स्वार्थ पूरा हो जाने के बाद उसे पद से हटा दिया।