रांची : रामनवमी को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। शांतिपूर्ण तरीके से लोग त्यौहार मना सके इसके लिए हर चौक चौराहों, अखाड़ों में पुलिस की तैनाती की गई है। वहीं विशेष शाखा के द्वारा राज्य के कुछ जिलों में अलर्ट भी जारी किया है। खास कर हजारीबाग, गिरिडीह और जमशेदपुर में विशेष रूप से अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही इन स्थानों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम भी किये जा रहे है।
इसके अलावा अन्य जिलों के एसपी को भी असामाजिक तत्वों लगातार नजर बनाये रखने को कहा गया है। राजधानी रांची में भी रामनवमी को शांतिपूर्ण और सौहाद्रपूर्ण वातावरण में सफलता पूर्वक संपन्न कराने को लेकर पुलिस सजग है। अबतक कई बार डीसी, एसएसपी व एसपी की मीटिंग शांति समिति के साथ हो चुकी है। सभी जिलों में एसएसपी को सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने बनाई असामाजिक तत्वों की सूची
रामनवमी की शोभा यात्रा शांतिपूर्वक निकल सके और लोग शान्त वातावरण में शोभायात्रा का आनंद ले सके इसके लिए पुलिस हर स्तर पर काम कर रही है। पुलिस एवं विशेष शाखा द्वारा असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उसकी सूची तैयार की गई है। पुलिस की नजर लगातार ऐसे असमाजिक तत्वो पर रहेंगी।
आज निकलेगी झांकी, शोभायात्रा कल
रामनवमी की झांकी शुक्रवार को निकाली जाएगी। विभिन्न अखाड़ों, समितियों व मंदिरों से भगवान राम पर आधारित कई मनमोहक झाकियां निकलती है। इन झांकियो के माध्यम से भगवान राम व अन्य देवी देवताओं के सजीव चित्रण प्रस्तुत किये जाते है। रात्रि 11 बजे से झांकी निकाली जाएगी। इस दौरान अस्त्र शस्त्र का भी प्रदर्शन किया जाएगा। वही उत्कृष्ट झांकी अस्त्र शस्त्र प्रदर्शन करने वाले अखाड़ों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। वहीं शनिवार को रामनवमी के त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। दोपहर में भव्य शोभायात्रा निकलेगी। इन सब पर पुलिस की पैनी निगाह रहेगी जिससे कही भी कोई अप्रिय घटना न घट सके।