पत्रकार अभिषेक भारती प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग, JJA ने लोकभवन तक निकाला विरोध मार्च

अभिषेक भारती प्रकरण की जांच की मांग को लेकर पत्रकारों का विरोध मार्च।

रांची: डिजिटल मीडिया के पत्रकार अभिषेक भारती के साथ सिमडेगा में पुलिस हिरासत के दौरान कथित मारपीट एवं पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (JJA) ने शनिवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लोकभवन तक विरोध मार्च निकाला। मार्च में श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) एवं झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन से जुड़े विभिन्न जिलों के पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान पत्रकारों ने पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी करते हुए पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की।

संगठन के संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि किसी पत्रकार के साथ कथित अत्याचार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विरोध मार्च के बाद राज्यपाल संतोष गंगवार के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसमें पत्रकार अभिषेक भारती के साथ हिरासत में कथित बर्बरतापूर्ण मारपीट तथा सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा के विरुद्ध दर्ज मुकदमे सहित पूरे प्रकरण की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में अभिषेक भारती का स्वतंत्र मेडिकल परीक्षण कराने, संबंधित थाने एवं हिरासत स्थल के सीसीटीवी फुटेज, स्टेशन डायरी, गिरफ्तारी और हिरासत से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखने, पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई करने की मांग भी शामिल है।

संगठन ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी को पूर्वाग्रह के आधार पर दोषी ठहराना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच के जरिए सच्चाई सामने लाना और कानून का शासन सुनिश्चित करना है। साथ ही राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा एवं स्वतंत्रता के लिए ठोस दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।

ज्ञापन सौंपने वालों में BSPS के राष्ट्रीय पार्षद अजीत सिन्हा, संजीत कुमार, मासूम अंसारी, JJA के प्रदेश महासचिव संजीव समीर, प्रदेश उपाध्यक्ष जावेद इस्लाम, प्रदेश सचिव राजीव मिश्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष शुभाशीष झा, प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर श्रीवास्तव, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी आकाश सोनी, रांची जिलाध्यक्ष पंकज सिंह, बोकारो जिलाध्यक्ष शमशेर आलम, कोडरमा जिलाध्यक्ष कुमार रमेशम, गिरिडीह जिलाध्यक्ष पवन बर्णवाल, रांची जिला उपाध्यक्ष राजेश कृष्ण, सिमडेगा एवं गुमला जिला प्रभारी रूपम कुमारी, कोडरमा जिला महासचिव अनिल कुमार सिंह सहित रामकृष्ण मेहता, धीरज कुमार, संतोष बरनवाल, एमएम राही, राकेश सिंह, विपिन कुमार, खालिद अनवर, राजेश मुंडा, इंतेखाब आलम और शीबू रजक शामिल थे। इसके अलावा पिपरवार, खलारी, बुढ़मू, चान्हो, मांडर, कांके और ओरमांझी के पत्रकारों ने भी मार्च में भाग लिया।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More