रांची: झारखंड भाजपा के किसान मोर्चा के अध्यक्ष ज्योतिश्वर सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार का 55 महीना कांग्रेस के 55 साल के कार्यकाल पर भारी है। इस दरमियान मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.30 करोड़ गरीबों के लिए पक्के मकान, स्वच्छता मिशन के तहत 8.5 करोड़ शौचालय का निर्माण कराने के अलावे देश के सवा लाख हजार गांवों को ब्रांड बैंड से जोड़ा गया है। इसके उल्टे कांग्रेस 2004, 2009 व 2014 के अपने घोषणा पत्र के वादों को पूरा करने में पूरी तरह से फेल हुई है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 55 महीने में महंगाई पर भी करारा चोट किया है जिससे देश की अर्थव्यवस्था काफी मजबूत हुई है। सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में सफल रही है। यही वजह है कि आज महंगाई की दर विगत तीस वर्षो में सबसे नीचे है। गरीबी हटाओ का नारा देने वाली इंदिरा गांधी के शासनकाल में महंगाई की दर 30 प्रतिशत थी। अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री और रिमोट से चलने वाली यूपीए सरकार के अगुआ मनमोहन सिंह के शासनकाल में 10 प्रतिशत थी। पूरा देश महंगाई की मार से त्राहिमाम कर रहा था। सेवा भाव के इन सालों में करीबन 2 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आये। उधर यूपीए के दस वर्षों के शासन काल में तुष्टिकरण, हिन्दू आतंकवाद, भगवा आतंकवाद जैसे मुद्दों की आड़ में अपनी विफलताओं को छुपाने का प्रयास करती रही।