रांची : रिम्स में फिर डॉक्टर आपस में भिड़े, हॉस्टल कैंपस बना छावनी, ऐसे शुरू हुआ विवाद

रांची : झारखंड के प्रिमियम मेडिकल संस्थान रिम्स डॉक्टरों के आपसी भिड़ंत की वजह से कई बार चर्चा में आया है। रांची स्थित रिम्स अस्पताल में एक बार फिर सीनियर और जूनियर आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर हमलावर हो गए।
डॉक्टरों की भिड़ंत की सूचना के बाद रिम्स का हॉस्टल कैंपस पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया। बरियातू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने उग्र मेडिकल छात्रों को समझाने की कोशिश की, हालांकि वे मानने को तैयार नहीं थे।
आरंभिक जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों के बीच भिड़ंत की वजह शोर मचाना था और इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जाता है कि शनिवार को परीक्षा खत्म होने के बाद जूनियर डॉक्टर नाच-गा रहे थे, जिसके बाद सीनियर नाराज हो गए और दोनों उलझ पड़े। फिर इसके बाद रैगिंग हुई और सीनियर व जूनियर में जम कर तू-तू, मैं-मैं हो गयी।
जूनियर डॉक्टरों ने आरोप लगाया है कि सीनियर डॉक्टरों ने उनकी रैगिंग की है। इसके लिए सीनियर को माफी मांगनी होगी। इसके बाद ही हम सुलह करेंगे। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


