पूर्व मंत्री आलमगीर आलम सहित 13 आरोपियों की न्यायिक हिरासत अवधि बढ़ी

वीरेंद्र राम को रिमांड पर लेकर हुई ईडी की पूछताछ में टेंडर कमीशन में कई लोगों के शामिल होने की जानकारी ईडी को मिली थी।

रांची: टेंडर कमीशन घोटाला मामले मे पूर्व मंत्री आलमगीर आलम सहित 13 आरोपितों की न्यायिक हिरासत की अवधि सात अगस्त तक के लिए बढ़ा दी गई है। अब इनकी अगली पेशी 7 अगस्त को होगी। पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, उनके ओएसडी संजीव लाल एवं सहायक जहांगीर आलम, निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम उनका भतीजा आलोक रंजन, हरीश यादव ,नीरज मित्तल ,राम प्रकाश भाटिया और ताराचंद सहित अन्य 13 आरोपितों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) से पीएमएलए के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की अदालत में गुरुवार को हुई।

टेंडर घोटाला मामले में ईडी ने पहली कार्रवाई 21 फरवरी 2023 को की थी। इस समय ग्रामीण विकास विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता वीरेंद्र राम के कई ठिकाने पर ईडी ने छापेमारी की थी। इसके बाद 23 फरवरी 2023 को ईडी ने वीरेंद्र राम को गिरफ्तार किया था। मामले में वीरेंद्र राम के करीबी और सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

उल्लेखनीय है कि ईडी ने बीते पांच मई 2024 को टेंडर कमीशन घोटाले में मंत्री आलमगीर के पीएस संजीव लाल और उसके नौकर जहांगीर सहित अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान ईडी ने संजीव लाल के नौकर जहांगीर और बिल्डर मुन्ना सिंह के ठिकानों से कुल 35.23 करोड़ रुपये नकदी बरामद किये थे।

लेखक के बारे में

By Ranju Abhimanyu

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More