Khunti News: PLFI की बढ़ी सक्रियता, लगाया वोट बहिष्कार का बैनर

रांची: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) की एक बार फिर से बढ़ी सक्रियता से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है. जानकारी के मुताबिक खूंटी में PLFI ने वोट बहिष्कार का बैनर लगाकर इलाके में दहशत फैला दी है. खूंटी शहर के बीचों बीच कर्रा रोड पर शिवाजी चौक के पास इस प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन का बैनर देख लोगों में दहशत का माहौल है. गुरुवार को जब सुबह-सुबह लोग घरों से बाहर निकले, तो वहां लाल रंग का बैनर देख अचंभित रह गए.
पीएलएफआई ने बैनर लगा कर लोगों से वोट का बहिष्कार करने की अपील की है. उग्रवादियों ने खूंटी थाना के पास इस बैनर को टांगा है. जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस को मिली, खूंटी थाना ने बैनर को खोलकर अपने कब्जे में ले लिया. फ़िलहाल बैनर लगाने वाले की पहचान की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं. बता दें कि अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित खूंटी विधानसभा सीट पर पहले चरण में यानी 13 नवंबर को वोटिंग है. मतदान से एक सप्ताह पहले पीएलएफआई ने वोट बहिष्कार की अपील कर इलाके में दहशत फैला दी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


