मिलन समारोह में शिरकत करेंगे जमशेदपुर से 3 हज़ार भाजपाई

जमशेदपुर: आगामी 17 फरवरी को मिलन समारोह में झाविमो का भाजपा में विलय को लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा हुआ है। दरअसल, उत्साह के बढ़ने के पीछे यह भी वजह है कि समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
इसी क्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर में आज बैठक हुई। बैठक में पार्टी के स्थानीय अध्यक्ष दिनेश कुमार ने जिला पदाधिकारी, मोर्चाध्यक्षों और मंडलाध्यक्षों को ज़रूरी निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर के हर मंडल से कुल तीन हज़ार कार्यकर्ता कारों और बसों से रांची के प्रभात तारा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शुक्रवार को इसी क्रम में मंडल स्तरों पर बैठकें आयोजित कर भाजपा कार्यकर्ता संख्यात्मक भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने सांगठनिक चुनाव और बूथ पुनरीक्षण के आशय में जानकारी देते हुए कहा कि 15 फ़रवरी तक बूथ अध्यक्षों का मनोनयन कार्य कमिटी के साथ पूरा करना है।
बैठक में मुख्य रूप से दिनेश कुमार, प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ला, प्रदेश कार्यसमिति रामबाबू तिवारी, मिथिलेश सिंह यादव, रमेश हांसदा, मनोज सिंह, खेमलाल चौधरी, विभीषण सिंह सरदार सहित पार्टी के अन्य नेता शामिल थे।


