जीतन राम मांझी का विवादित बयान, शाह जी…कश्मीर को सुधारने के लिए बिहारियों को छोड़ दीजिए

पटना : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तान अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी की जुबान बयान देते समय अक्सर फिसल जाती है। उन्होंने फिर एक बार विवादित बयान दिया है। जीतन राम मांझी ने कहा है कि कश्मीर में बिहार के लोगों की हत्या से मन व्यथित है। हालात में बदलाव नहीं हो पा रहा है, इसलिए गृहमंत्री अमित शाह से आग्रह है कि कश्मीर को सुधारने की जिम्मेवारी बिहारियों पर छोड़ दीजिए 15 दिन में सुधार नहीं दिया तो कहिएगा।

जीतन राम मांझी के इस बयान पर विवाद उत्पन्न हो सकता है। मालूम हो कि कश्मीर में अलग-अलग घटनाओं में बिहार के दो लोगों की हत्या अबतक की जा चुकी है। ऐसा नहीं है कि कश्मीर में सिर्फ बिहारियों को निशाना बनाया जा रहा है। बल्कि आतंकी वहां नए सिरे से आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं, जिसमें उनके प्रमुख निशाना कश्मीर में बाहर से आकर बसे या रोजगार धंधा कर रहे लोग हैं।

आतंकियों की इस हरकत के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी बढा दी है और कार्रवाई भी तेज की है। अन्य प्रांतों के लोगों की सुरक्षा बढायी जा रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मामले को लेकर जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से बात भी की है और अपनी चिंता प्रकट की है।

वहीं, बिहार के डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा है कि गैर कश्मीरी लोगों की हत्या हुई है, वह दुःखद है। पाकिस्तान भारत में आतंक बढ़ाने का जो प्रयास कर रहा, उसको लेकर कुछ ऐसी चीजों जैसे टी-20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच रुकनी चाहिए।

वहीं, भाजपा के राज्यसभा सदस्य व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है, इन लोगों की मंशा है कि लोगों में डर का माहौल पैदा करें, जिससे लोग कश्मीर छोड़कर चले जाएं। घर में घुसकर गरीब लोगों की हत्या करना एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। आतंकियों द्वारा यह कायराना हरकत है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More