बिहार के नालंदा जिले में 80% बच्चे व 71.5% महिलाएं एनिमिया से ग्रसित

बिहारशरीफ : किशोर अवस्था ही आगे के स्वस्थ जीवन की बुनियाद है। किशोरियों में खून की कमी से आगे चलकर कई तरह की परेशानियां आ सकती हैं। खासकर सुरक्षित मातृत्व के लिए ऐसी स्थिति काफी नुकसानदेह है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 के अनुसार जिले में छह माह से 59 माह (लगभग पांच साल तक के) 80.3 फीसद बच्चे एनीमिया से ग्रसित हैं। वहीं, 15 से 49 वर्ष की 71.5 फीसद महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं।

इससे किशोरियों को बचाने के लिए फिर से स्कूलों में किशोरियों की पक्की सहेली हर हफ्ते मिलेगी आयरन की नीली गोली योजना शुरू की जाएगी। एनीमिया की दर में प्रतिवर्ष तीन फीसद गिरावट लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए ही 10 से 19 वर्ष तक के किशोर व किशोरियों के साथ ही गर्भवती महिलाओं को आयरन की गोली दी जाएगी। कोरोना संकट में स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद थे। अब जल्द ही ये सभी केंद्र पहले की तरह खुलेंगे।

स्वास्थ्य विभाग के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने सीएस, चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से संबंध स्थापित कर माइक्रोप्लान बनाकर आयरन गोली इन केंद्रों पर उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। हर बुधवार व गुरुवार को विद्यालय जाने वाले किशोर और किशोरियों को विद्यालय के माध्यम से तथा प्रत्येक बुधवार को विद्यालय नहीं जाने वाले किशोर और किशोरियों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से नीली गोली दी जाएगी।

सीएस डॉ सुनील कुमार ने बताया कि एनीमिया गंभीर स्वास्थ्य समस्या है। शरीर में रक्त की कमी से जटिलताएं बढ़ती हैं। इसके कारण पढ़ने एवं काम करने की क्षमता पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। आयरन की कमी से किशोरों में स्मरण शक्ति, पढ़ाई में अच्छे प्रदर्शन एवं सक्रियता में कमी आती है। मानसिक एवं शारीरिक विकास में बाधा आती है। रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कम हो जाती है। इसके कारण संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More