कोडरमा: वीर क्लब चेचाई के तत्वावधान में तीन दिवसीय स्वतंत्रता सेनानी राघो दुसाध मेमोरियल नॉक आउट फुटबॉल टूर्नामेंट जेजे कॉलेज के ग्राउंड में शुरू हुआ। बतौर मुख्य अतिथि कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने किक मारकर इसका उद्घाटन किया। मौके पर समाजसेवी नरेश कुमार पंडित, संतोष कुमार साव, देवेंद्र कुमार, पवन कुमार गुप्ता, अरुण पासवान, प्रदीप गुप्ता, पूर्व मुखिया मंजू देवी, संतोष कुमार गुप्ता एवं जेजे कॉलेज के प्राचार्य प्रोफ़ेसर डॉ जुगल किशोर प्रसाद, प्रोफेसर सतीश कुमार यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे। उद्घाटन मैच पिपराडीह और घंघरी के बीच खेला गया।
पहले दिन कुल 10 टीमों ने इसमें हिस्सा लिया। जेबीसी क्लब घंघरी और बजरंग क्लब पिपराडीह में बजरंग क्लब पिपराडीह ने जीत हासिल की। मोरियावां और गैड़ा के बीच मुकाबला में गैड़ा ने जीत हासिल की। वहीं चाराडीह और पोगडंडा में पोगडंडा, लोकाई और आजाद क्लब गुमो में गुमो, बीएड होस्टेल ग्रुप और करमा में करमा टीम ने जीत हासिल की। बुधवार को बाकी छह टीम तथा क्वार्टर फाइनल खेला जाएगा। सेमीफाइनल और फाइनल 5 सितंबर को खेला जाएगा।