कोडरमा: जैन धर्म में पर्युषण पर्व का अत्यधिक महत्व है। पर्युषण का अर्थ है स्वयं के निकट होना। परिधि से केंद्र की ओर लौटना। परिउषण, परि का मतलब है चारों ओर से, उषण का अर्थ है दाह। जिस पर्व में कर्मों का दाह यानी विनाश किया जाए, वह पर्युषण है। सभी अवगुणों को दूर कर अंतर ज्योति को जगाने की साधना में संलग्न रहना ही पर्युषण है। पर्व के चौथे दिन शुक्रवार को 1008 भगवान पुष्पदंत नाथ तीर्थंकर, जो कि झारखंड के सम्मेद शिखर पर्वत पारसनाथ से मोक्ष को प्राप्त हुए थे, उनका मोक्ष कल्याणक दिवस व निर्वाण लाडू भी भक्तों द्वारा चढ़ाया गया।
इस दौरान सरस्वती भवन के धर्म सभा परिसर में पुष्पदंत नाथ भगवान तीर्थंकर को मस्तक पर लेकर गाजे-बाजे के साथ श्रीविहार करने व प्रथम कलश करने का अवसर नवीन कुमार,सम्यक कुमार जैन गंगवाल परिवार को मिला। सरस्वती भवन में बाल ब्रह्मचारी साधना दीदी द्वारा मंत्रों से उच्चारित जल से शांतिधारा करने का अवसर रतन लाल, राकेश कुमार, आदित्य कुमार छाबड़ा, रतन लाल, पारस कुमार सेठी, सुरेश कुमार, प्रतीक कुमार पांड्या, ललित कुमार, सिद्धांत कुमार, जैन शेट्टी, सुगन चंद, शशि कुमार सेठी, और निर्मल कुमार दिनेश कुमार झंझरी परिवार को मिला। आज भगवान पर विशेष शांति धारा करने का अवसर 70 वर्ष से अधिक के सभी भक्तों को मिला, जो समाज में किसी न किसी रूप में अपना योगदान देते हैं। जैन धर्म का महापर्व 10 लक्षण पर्युषण के चौथा दिन आज शौच धर्म के रूप में झुमरीतिलैया के दोनों मंदिरों में मनाया गया। विशेष रूप से इस मौके पर भगवान पर भक्ति भाव व गाजे-बाजे सहित निर्वाण लाडू भक्तों ने अर्पित किया। इस बाबत अपनी गायिकी से जैन गायक सुबोध गंगवाल भक्तों को झूमने पर बजबूर कर दिया। भगवान पर निर्वाण लाडू अजीत कुमार, राजेश कुमार व मनोज कुमार गंगवाल परिवार ने चढ़ाया। नये मंदिर पानी टंकी रोड में यह सौभाग्य महावीर प्रसाद व सुरेश कुमार कासलीवाल परिवार को नसीब हुआ।
लोभ के कारण ही मनुष्य दुखी है: सुनीता दीदी
सारगर्भित प्रवचन में सुनीता दीदी और साधना दीदी ने उत्तम शौच धर्म के बारे में विवेचना करते हुए बताया कि लोभ का त्याग करना ही शौच धर्म है। मनुष्य अपने लोभ के कारण ही आज दु:खी है। सब कुछ होते हुए भी उसके पास और अधिक पाने की जो इच्छा होती है यही इच्छा मनुष्य को पाप करने की ओर प्रेरित करती है मानसिक रूप से परेशान करती है और गलत कार्य को करने के लिए बढ़ावा देती है। लोभ को पाप का बाप कहा गया है, क्योंकि इसके वशीभूत होकर ही मनुष्य पाप करता है। लोभ के कारण हम अपने परिवार वालों से ही बैर कर बैठते हैं व लोभी मनुष्य यदि धनवान भी है, तो वह पुण्य से रहित है। बावजूद गरीब व्यक्ति लोभ नहीं करता। मौके पर जैन समाज के अध्यक्ष, मंत्री सहित वार्ड पार्षद,पिंकी जैन, नवीन जैन व राजकुमार अजमेरा सहित सैकड़ों भक्तजन मौजूद थे।