विरासतों को सुरक्षित- संरक्षित विकसित करना प्राथमिकता: खरे

रांची: केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे ने कहा है कि देश के सभी विरासतों को सुरक्षित व संरक्षित रखने के साथ- साथ उसे विकसित रखना सरकार की प्राथमिकता है। पीएम मोदी का निर्देश है कि देश के प्रमुख सांस्कृतिक अवदानों व धरोहरों को दुनियां के साथ घरेलू पर्यटक भी जाने व देखें। इसी कड़ी में दूरदर्शन झारखंड के प्राकृतिक व ऐतिहासिक आकर्षण का सफरनामा तैयार कर रहा है, जिससे पर्यटकों को सुविधा होगी।
श्री खरे रविवार को कोलकाता के रास्ते कोडरमा होते हुए ईटखोरी पहुंचे थे। उन्होंने जिला परिषद के डाक बंगले में चतरा के उपायुक्त जितेंद्र सिंह व अन्य हित धारकों से ईटखोरी के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने हेतु रायशुमारी कर रहे थे। पर्यटन विभाग की ओर से श्री खरे को ईटखोरी के पर्यटन विकास से संबंधित कार्य योजना पेश की गई। श्री खरे इसके अलावे झारखंड व बिहार के कई पर्यटन स्थल का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ईटखोरी के पर्यटन विकास हेतु बने डीपीआर के प्रथम फेज के कार्य का शुरू होना स्वागत योग्य है।
ईटखोरी में एक ही साथ बौद्ध, जैन, शैव एवं शाक्त परंपरा के अवशेष मौजूद है। उन्होंने डीपीआर बनाने वाले वास्तुविद को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में चारों तत्वों की विशेषता को सम्मिलित करें। उन्होंने बौद्धिक समाज एवं मीडिया का आह्वान किया कि वे अपने आलेखों के माध्यम से समुदायों को इसकी जानकारी दें ताकि अधिक से अधिक लोग झारखंड की विरासत के प्रति आकर्षित हों। मौके पर राज्य वित्त आयोग के बिदूं माधव सिंह, प्रसार भारती के मीडिया सलाहकार अमन कुमार, उप जनसंपर्क निदेशक उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग आनन्द सहित जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
[URIS id=9499]

