पप्पू पांडेय
सरिया (गिरिडीह): अनुमंडल सभागार सरिया में अनुमंडलस्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता एसडीओ राम कुमार मंडल ने किया।
इस बैठक में बगोदर, सरिया तथा बिरनी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। दुर्गा पूजा के मद्देनजर निर्देश दिया गया कि सभी पूजा पंडालों में यथासंभव सीसीटीवी लगाई जाए अन्यथा वीडियोग्राफी आवश्यक रूप से करने की बात कही गई।
वहीं निर्देश दिया गया कि विभिन्न पूजा पंडालों के आसपास 200 मीटर की परिधि में साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। त्यौहार के मद्देनजर मेला परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए अस्थाई तौर पर महिला शौचालय बनाने का निर्देश दिया गया।
वहीं सभी पूजा समितियों को हिदायत दी गई कि वे शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने हेतु 20 वालंटियर्स की नियुक्ति आवश्यक रूप से करें। जिनके पास अपना यूनिफॉर्म तथा बैच लगा हो। इससे लोगों को मदद मिल सके।
कहा कि रोस्टर के आधार पर 24 घंटे वालंटियर की व्यवस्था की जाए ताकि पूजा पंडाल सुनसान ना हो। वहीं ध्वनि विस्तारक यंत्र में अश्लील गाने नहीं बजाई जाए, जिससे अन्य लोगों को तकलीफ हो। भजन कीर्तन का पूरा आनंद लें। उपस्थित लोगों ने पदाधिकारियों से आग्रह किया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए बिजली व पानी में कटौती ना की जाए।
आए दिन बिजली की आंख मिचौनी के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। बैठक में उपस्थित बिजली विभाग तथा पीएचडी विभाग के एसडीओ को निर्देश देते हुए कहा गया कि दुर्गा पूजा में बिजली व पानी पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति कराई जाए। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण वर्मा, संदीप मद्धेशिया, अंचलाधिकारी सुनीता कुमारी, प्रखंड प्रमुख रामपति प्रसाद, नकुल मंडल, अर्जुन आर्य,गोपाल यादव,पिंटू मोदी, अमित वर्मा, रघुनन्दन कुलाबा, राजू सिंह सहित तीनों प्रखंडों से काफी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।