झारखंड में चिकित्सकों का ब्लैक बैज आंदोलन शुरू, 14 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस

रांची: IMA झारखंड संयुक्त चिकित्सा आंदोलन के अंतर्गत राज्यभर में 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक ब्लैक बैज कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान, सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान तथा झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।
12 अक्टूबर 2026 को Google Meet के माध्यम से चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में सरकारी एवं गैर-सरकारी चिकित्सकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व घोषित लोकतांत्रिक आंदोलन कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
इस संयुक्त आंदोलन में दस चिकित्सा संगठन शामिल हैं। इनमें IMA झारखंड स्टेट ब्रांच, JHASA, IMA हॉस्पिटल बोर्ड ऑफ इंडिया (IMA HBI), AHPI, IMA महिला विंग, JDA, JDN, FAIMA, MSN और IDA शामिल हैं।
आंदोलन के कॉमन मिनिमम प्रोग्राम में चिकित्सकों की सुरक्षा एवं झारखंड मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट का प्रभावी क्रियान्वयन, क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट में व्यावहारिक संशोधन, चिकित्सकों के लिए DACP के अंतर्गत समयबद्ध करियर प्रगति और नियमित नियुक्तियां शामिल हैं। इसके अलावा, जूनियर डॉक्टरों एवं मेडिकल छात्रों की समस्याओं का समाधान, दंत चिकित्सकों के लिए DACP, आयुष्मान भारत से संबंधित समस्याओं का समाधान, स्वास्थ्य संस्थानों के लिए सिंगल-विंडो लाइसेंसिंग व्यवस्था तथा सरकार और चिकित्सा संगठनों के बीच संयुक्त निगरानी तंत्र की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण मांगें भी रखी गई हैं। महिला चिकित्सकों की सुरक्षा एवं सम्मान पर भी विशेष जोर दिया गया है।
14 अक्टूबर 2026 को सभी जिला मुख्यालयों पर सहभागी चिकित्सा संगठनों की ओर से संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसके बाद संबंधित उपायुक्त (DC) को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से जिला स्तर पर समाधान योग्य मुद्दों पर प्रशासनिक हस्तक्षेप तथा राज्य स्तर की नीतिगत मांगों को सक्षम प्राधिकारियों तक पहुंचाने का अनुरोध किया जाएगा।
आंदोलन के पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 22 अक्टूबर 2026 से पूर्ण कार्य बहिष्कार प्रस्तावित है। इस दौरान आपातकालीन एवं जीवनरक्षक चिकित्सा सेवाओं को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।
चिकित्सा संगठनों ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन मरीजों के विरुद्ध नहीं है। इसका उद्देश्य चिकित्सकों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना और झारखंड की जनता को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत करना है।
संयुक्त चिकित्सा आंदोलन ने राज्य सरकार एवं संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि चिकित्सा जगत की जायज मांगों पर सकारात्मक संवाद स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


