राजनीति क्या होती है ?

ज्योति चौहान
राजनीति क्या होती है ? यह गीता हमें बखूबी बताती है। धर्म युद्ध हो या कर्म युद्ध दोनों ही में अपशब्दों का स्थान नहीं होता है। फिर भी अपने देश के नेताओं के निम्न स्तर की भाषाओं को सुनकर हम तालियां बजाते हैं। इतना ही नहीं मंच पर भाषण देने वाले नेताओं के बोलने के बाद पीछे-पीछे उन्हीं के नारे दोहराते हैं। देश के चुनावी बयार में अपशब्दों के जो बाण चलाये जा रहे है। वो न तो राजनीति का हिस्सा है व न मर्यादित राजनीति है। इतना ही नहीं मर्यादा को लांघने का अधिकार तो बिलकुल है ही नहीं। फिर क्यों इस विषय पर कोई आवाजें नहीं उठ रहीं, क्यों सब मौन हैं ? यह शौक नेताओं को शीर्ष तक ले जाने में कितना कामयाब हुआ है, अब यह जानना जरूरी हो गया है।
17 अप्रैल 2019 मेें कांग्रेस नेता संजय निरूपण ने पीएम मोदी को अनपढ-गंवार कहा था। पिछले साल गुजरात में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने मोदी को नीच कहा था। दिसंबर 2013 में अय्यर ने मोदी को जोकर कहा था। अभी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहूल गांधी पर चौकीदार को चोर कहने का भूत सवार है। जबकि सुप्रीम कोर्ट के सामने राहूल ने माफी भी मांगी है। माफी मांगने के बाद भी झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ अजय राय ने कहा कि अब भी चौकीदार चोर ही कहेंगे।
इधर बहुमत वाली सरकार भी अपने बयानों में कई अपशब्द कहें है। बीते विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के डीएनए पर सवाल किया था। तब नीतीश एनडीए का हिस्सा नहीं थे। इसी कड़ी में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के नाम भी शीर्ष पर हैं। इन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष को आपत्तिजनक शब्द कहें थे। जिसे स्पीकर ने सदन की कार्यवाही से निकाल दिया था। विपक्ष ने विधानसभा प्रांगन में रघुवर दास का पुतला जलाकर इसका विरोध किया था। मुख्यमंत्री का यह रवैया यहीं खत्म नहीं हुआ, इन्होंने दो दिन पहले चुनावी सभा को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा को झारखंड मुद्रामुक्ति मोर्चा कहकर तालियां बजवायी। बात यह नहीं की कौन, किसे, क्या कह रहा हैं ? बात यह है कि इतना गिरा हुआ नेतृत्व एक अच्छा, सुशासित, विकसित, न्याय संगत समाज और देश का निर्माण कैसे कर सकता ?
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More