सुबोधकांत के लिये वोट मांगा
रांची: कांग्रेस के पाटीदार नेता सह स्टार प्रचारक हार्दिक पटेल ने रविवार को रांची लोकसभा सीट के कई विधानसभा क्षेत्रों में महागठबंधन कांग्रेस प्रत्याशी सुबोध कांत सहाय के पक्ष में वोट मांगा। पटेल ने इस दौरान भाजपा पर जमकर निशाना साधा व कहा कि भाजपा के केंद्र व राज्य सरकार की सरकारों ने लगातार 5 सालों तक देश व प्रदेश की जनता का शोषण किया। कहा कि झारखंडी लोगों की जमीनों छीनी व फिर किसानों पर लाठियां व गोलियां भी बरसाई। कहा कि गुजरात में 13 व झारखंड में 60 प्रतिशत सीट जीतेंगे।
हार्दिक ने कहा कि झारखंड में राज्य में वन अधिकार अधिनियम 2006 को कमजोर करने की कोशिश की गई वहीं भूमि अधिग्रहण 2013 कानून को भी कमजोर करने का कोशिश की है। कांग्रेस की सरकार बनी तो सब के साथ न्याय होगा। किसानों के कृषि ऋण माफ किया जाएगा वहीं स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त किये जाएंगे। पाटीदार नेता कहा कि यह चुनाव बाबा साहब आंबेडकर के बनाए संविधान को बचाने के लिए लड़ा जा रहा है। देश से बेरोजगारों, नौजवानों व किसानों सहित जल, जंगल व जमीन की रक्षा के लिए पूरी शक्ति के साथ लड़ा जा रहा है। देश में एक बार फिर से माहौल बदल रहा है, क्योंकि देश में सबसे ज्यादा बेरोजगार नौजवान हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो कक्षा एक से 12वीं तक की शिक्षा मुफ्त दी जाएगी। किसानों को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। झारखंड राज्य खनिज संपदाओं से भरा पड़ा है। यहां पर सरकार जल, जंगल और जमीन को लूट कर औद्योगिक घरानों को सौंप रही है। यहां के लोग विस्थापित होकर पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर हर गलत काम हो रहा है। भाजपा हिंदू-मुस्लिम और भारत-पाकिस्तान का नारा देकर देश में माहौल खराब करने का काम कर रही है।
हार्दिक ने कहा कि देश में अच्छी और सस्ती शिक्षा मिले, आज इसकी जरूरत है। झारखंड के नौजवान यहां से पलायन कर रहे हैं। आने वाले दिनों में सभी स्टेट में समस्याओं का समाधान कांग्रेस करेगी। झामुमो के विधायक जेपी पटेल को लेकर कहा कि महागठबंधन में आना- जाना लगा रहता है। चुनाव का माहौल है। कहा कि महागठबंधन पूरी तरह मजबूत स्थिति में खड़ा है। पटेल ने कहा कि मॉब लिंचिंग के नाम पर देश के अंदर माहौल खराब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह रोडशो नहीं था, झारखंड के मेहनतकश लोगों से मिलने का एक बहाना है। 23 को देश की जनता अपना फैसला सुनाएगी। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री को वाराणसी से चुनाव हार जाने का डर सता रहा है। कहा, देश में निजी स्कूल खुल रहे हैं, क्या गांवों में सरकारी स्कूल खुल रहे हैं। झारखंड के लोगों को उनका हक नहीं मिला। मूलवासियों को उनका अधिकार नहीं मिला। पुलवामा घटना के बारे में कहा कि देश के वीर सैनिकों के साहस को अपना नाम देकर राजनीति कर रहे हैं। इसे लेकर देश के रिटायर्ड फौजियों ने राष्ट्रपति के नाम पत्र लिखकर कहा है कि फौजियों के नाम पर राजनीति करना गलत है।
नुक्कड़ सभा संबोधित कर रहे थे हार्दिक:
हार्दिक ने रांची संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय के समर्थन में प्रचार करते हुये उन्हें जीताने की अपील की, लेकिन उनका कोई क्रेज नही दिखा। सोने पर सुहागा ये कि जिसके लिये वोट मांग रहे थे, वहीं वहां से गायब थे। कांग्रेस का कोई बड़ा नेता भी यहां नही दिखा। ये जनसभा कांके सुकुरहुटू क्षेत्र के कांटा मैदान में आहूत थी। आलम ये था कि हार्दिक स्टार प्रचारक के तौर पर कांग्रेस के लिये वोट मांगने आये थे, लेकिन मैदान में बमुश्किल 500 लोग से ज्यादा लोग नही पंहुचे थे। ऐसा लग रहा था, कि मानों जनसभा नही नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे।