दर्जनों डीड के जरिए सोरेन परिवार ने खरीदी जमीन, उड़ाई सीएनटी एक्ट की धज्जियां

रांची: भारतीय जनता पार्टी ने सोरेन परिवार पर सैकड़ों एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए मुख्य सचिव डाॅ डीके तिवारी से कार्रवाई करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने इस बाबत अपने लिखित आवेदन में कहा है कि शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन, कल्पना मुर्मू, सीता मुर्मू, बसंत सोरेन एवं स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के नाम से 33 डीड के माध्यम से सैकड़ों आदिवासी भूखंडों को सीएनटी एक्ट की धज्जियां उड़ाते हुए खरीदा गया है।
भाजपाई प्रतिनिधिमंडल ने इन सभी भूखंडों की सूची व दस्तावेज सौंपते हुए इन प्रकरणों में संबंधित उपायुक्तों पर कार्रवाई करने का आग्रह मुख्य सचिव से किया है। कहा गया है कि इन सभी जमीन का हस्तांतरण इसलिए भी अवैध है क्योंकि सोरेन परिवार ने समय- समय पर अपने स्थानीय निवासी होने के बारे में गलत सूचनाएं दी है। सांसद समीर उरांव ने सीएस ने आग्रह किया कि शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन को यह बताना चाहिए कि वे किस क्षेत्र के निवासी हैं। धनबाद के गोविंदपुर के, बोकारो, मोरहाबादी, अरगोड़ा, अनगड़ा, चास, कमलडीह, दमकश या बरवा के दमकोला के निवासी। अनेक डीड में अलग- अलग पता इस परिवार ने लिखवाए हैं।
भाजपाईयों ने जमीन खरीद के दौरान छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम की धारा 46 के उल्लंघन का आरोप लगाया है। कहा है कि डीड के जरिए सैकड़ों एकड़ भूमि का गैर वाजिब हस्तांतरण कराया है। प्रतिनिधिमंडल में सांसद समीर उरांव, विधायक रामकुमार पाहन, दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा व अन्य शामिल थे। कहा है कि सीएनटी की धारा 46 कहती है कि एक आदिवासी संबंधित उपायुक्त की अनुमति से दूसरे आदिवासी की भूमि का क्रय कर सकता है बशर्ते कि वह विक्रेता के थाना क्षेत्र का निवासी हो, लेकिन सोरेन परिवार ने ऐसा नहीं किया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने मांग की है कि अरगोड़ा में हरमू से संबंधित लगभग 40-45 डिसमिल जमीन पर हेमंत सोरेन परिवार ने करोड़ों रुपये खर्च कर सोहराय भवन का निर्माण कराया है। मूल रैयत राजू उरांव ने इसके खिलाफ शिकायत भी की है। इसे वापस कराया जाए।


