लालू की सजा पर टल रहा फैसला, शुक्रवार को देखें होता है क्या…

रांची: चारा घोटाला मामले में दोषी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद के साथ 15 अन्य के खिलाफ सजा का ऐलान अब पाँच जनवरी को होगा। रांची की विशेष सीबीआई अदालत ने गुरुवार को पहले 4 दोषियों की सजा पर बहस की, जबकि लालू का छठा नंबर था। अब शुक्रवार दोपहर तक सजा पर बहस पूरी होगी और उसके बाद फैसला सुनाया जाएगा। बता दें कि बुधवार को भी सजा पर सुनवाई टल गई थी, वजह एक वकील की निधन हो गई थी। इसके बाद फैसला आज तक के लिए टाल दिया गया था।
आपको बता दें कि अल्फाबेटिकल लेटर के आधार पर सुनाई जा रही है सजा। लालू का नंबर सातवां स्थान पर है। उधर कोर्ट के बाहर मौजूद आरजेडी नेता रघुवंश प्रसाद ने कहा कि तेजस्वी ने आरजेडी को संभाल लिया है, अब लड़ाई को आगे बढ़ाना है। वहीं कोर्ट में मौजूद एक वकील ने कहा कि अल्फाबेटिकल लेटर के आधार पर सुनवाई चल रही है। इधर झारखंड से लेकर बिहार तक के प्रशासन अलर्ट मोड में आ गई है। रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। वहीं लालू प्रसाद के वकील आगे की रणनीति बनाने में जुट गये हैं। बता दें कि इसी मामले में पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा बरी कर दिये गये हैं। उनके साथ 6 अन्य आरोपी भी बरी हो गये हैं।
क्या है मामला: गौरतलब है कि चारा घोटाले से संबंधित यह देवघर कोषागार से 84.54 लाख रुपये की अवैध निकासी का मामला है। कांड संख्या आरसी 64 ए/96 के इस मामले में 23 दिसंबर को सीबीआई कोर्ट ने लालू प्रसाद को दोषी ठहराया। इस घोटाले में संलिप्त लोगों में शुरुआत से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
सरकारी गवाह पीके जायसवाल एवं सुशील झा ने निर्णय से पहले ही अपना दोष स्वीकार कर लिया था। अब 21 साल बाद चारा घोटाले के देवघर से जुड़े इस चर्चित मामले में बुधवार को सजा के बिंदु पर फैसला आ गया। इस मामले में सीबीआई ने 23 जुलाई 1997 को चार्जशीट फाइल की थी।


