शांतिपूर्ण तरीके से मनायें होली: एसडीएम

आसिफ अंसारी
सरिया(गिरिडीह): होली को लेकर सरिया अनुमण्डल सह अंचल कार्यालय में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सरिया अनुमंडल पदाधिकारी पवन कुमार मंडल ने किया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से एक मार्च से लेकर 3 मार्च तक सरिया अनुमंडल अंतर्गत सरिया, बगोदर व बिरनी प्रखंड में बालू लदे ट्रैक्टर व पत्थर लदे हाइवा वाहन का परिचालन पूर्णता बंद रखने का निर्णय लिया गया। वहीं बगोदर प्रखंड के तीन स्थानों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया। साथ ही सरिया प्रखंड व बिरनी प्रखंड में भी तीन -तीन स्थानों को संवेदनशील, अतिसंवेदनशील स्थान के रूप में चिन्हित किया गया।
इन स्थानों पर विभाग के द्वारा विशेष दंडाधिकारी की नियुक्ति व सुरक्षा व्यवस्था का भी इंतजाम किये जाने का निर्देश दिया गया।
साथ ही बगोदर प्रखंड के 121 लोगों पर सरिया प्रखंड के 68 लोगों पर तथा बिरनी प्रखंड के 81 लोगों पर 107 के तहत विभागीय कार्रवाई व शपथ पत्र दायर करने की कार्रवाई चालू की गई। बैठक के दौरान सरिया प्रखंड में विभागीय मापदंड के विपरीत शराब दुकानों का संचालन किए जाने की बात जिप सदस्य अनुप पांडेय ने उठाया जिस पर एसडीओ के द्वारा बीते 28 फरवरी को सरिया, बगोदर व बिरनी प्रखंड के शराब दुकान के संचालकों के साथ एक आवश्यक बैठक आयोजित की जाने की बात कही गई।
होली को देखते हुए क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर पूर्णता रोकथाम लगाने का निर्देश तीनों प्रखंड के थाना प्रभारी को दिया गया। सरिया अनुमंडल स्तरीय कंट्रोल रूम बनाने की भी बात की गई जो 1 तारीख से 3 तारीख तक कार्यरत रहेगा।
बैठक में मुख्य रुप से सरिया अंचल पुलिस निरीक्षक आर एन चौधरी, सरिया प्रमुख रामपति प्रसाद, बगोदर प्रमुख मुस्ताक अंसारी, जिला परिषद सदस्य अनूप कुमार पाण्डेय, उप प्रमुख रामदेव यादव, सरिया बीडीओ शशि भूषण प्रसाद वर्मा, बगोदर बीडीओ प्रीति किस्कू , बिरनी बीडीओ पप्पू रजक, बगोदर सीईओ भोला शंकर महतो, सरिया थाना प्रभारी विकास पासवान, बगोदर थाना प्रभारी राजीव कुमार, बिरनी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार , मनोज सिंह समेत तीनों प्रखंडों के प्रशासनिक पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


