पूरे राज्य में होगी एक जल योजना
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को एक अहम निर्णय लेते हुये आदेश दिया कि पूरे प्रदेश में एक ही समेकित जल योजना होगी। अलग- अलग विभागों की जल संचयन व जल सिंचन की योजनाओं के बदले एकीकृत जल योजना पर अंतर्विभागीय समिति के गठन को मुख्यमंत्री ने स्वीकृति दी है। जल योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, जल स्रोतों का नवीकरण, वर्षा जल का सदुपयोग इत्यादि से संबंधित कार्य योजना के लिए सामूहिक रूप से लागू करने के लिए सभी कार्य सुनिश्चित होंगे।
दोहरी योजना के क्रियान्वयन से होगा बचाव
जल संचयन एवं जल सिंचन के लिए जल संसाधन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, वन, पर्यावरण जलवायु परिवर्तन विभाग तथा कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के द्वारा अलग- अलग योजनाएं चलाई जाती हैं तथा इनके लिए अलग- अलग बजट भी होते हैं। ऐसे में एकीकृत योजना क्रियान्वयन का यह लाभ होगा कि किसी क्षेत्र में दोहरी योजना के क्रियान्वयन से बचा जा सकेगा। साथ ही, जल सिंचन से रहित क्षेत्र में जल संचयन एवं जल सिंचन का कार्य हो सकेगा।
[URIS id=9499]
विकास आयुक्त होंगे अध्यक्ष
अंतर्विभागीय समिति के अध्यक्ष राज्य के विकास आयुक्त होंगे। जल संसाधन विभाग के सचिव इस समिति के सदस्य सचिव होंगे। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग एवं कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव इस समिति के सदस्य होंगे। जल संचयन एवं जल सिंचन से संबंधित विभागों के बजट को ध्यान में रखते हुए यह समेकित योजना जो राज्य की जल योजना कहलाएगी।
जल योजना अभियान के तौर पर चलेगा
इस जल योजना का संचालन अभियान के रूप में पूरे राज्य में समयबद्ध संचालित किया जाएगा। इस योजना का प्रचार- प्रसार तथा जागरूकता अभियान व्यापक रूप से चलाया जाएगा। हर 15 दिन में इसकी मॉनिटरिंग होगी। योजना के सफल संचालन के लिए पूरे राज्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा अन्य मीडिया के साथ बड़े पैमाने पर जन जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
पीएम ने जल संचयन का आहवान किया है
15 जून 2019 को नई दिल्ली में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रमुख एजेंडा था। नीति आयोग की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों से जल संचयन तथा जल सिंचन पर व्यापक रूप से अभियान चलाकर विभिन्न विभागों के कार्यों को एक साथ योजनाबद्ध तरीके से करने का आह्वान किया था।