सुष्मिता देव ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने की संभावना

नयी दिल्ली : कांग्रेस की महत्वपूर्ण युवा चेहरा सुष्मिता देव ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सुष्मिता देव ने इस संबंध में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा है और इसमें अपने इस्तीफे की सूचना दी है।

सुष्मिता देव इस वक्त महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष थीं और पूर्व में सांसद रही हैं। सूत्रों का कहना है कि वे तृणमूल कांग्रेस के संपर्क में हैं और जल्द कोलकाता पहुंच कर तृणमूल अध्यक्ष ममता बनर्जी एवं उनके सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी से मुलाकात कर सकती हैं और इसके बाद पार्टी में उनके शामिल होने की रूपरेखा तय हो सकती है।

सुष्मिता देव ने 15 अगस्त को इस्तीफा दिया था, जिसकी जानकारी 16 अगस्त को सार्वजनिक हुई। हालांकि उनके ट्विटर बायो में हुए बदलाव से इसका अंदेशा लगाया जा रहा था। उन्होंने अपने पद के आगे पूर्व लगा दिया था।

सुष्मिता देव असम और पश्चिम बंगाल के बड़े नेता संतोष मोहन देव की बेटी हैं। वे असम की सिल्चर लोकसभा सीट से सांसद भी रही हैं। सुष्मिता देव के इस्तीफा के बाद से पार्टी के नेताओं ने सवाल उठाना शुरू किया है कि ऐसे युवा क्यों साथ छोड़ कर जा रहे हैं।

पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम ने कहा है कि पार्टी को इस पर मंथन करना चाहिए कि ऐसे युवा नेता क्यों पार्टी छोड़ कर जा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस में बड़े बदलाव के पैरोकार कपिल सिब्बल ने कहा है कि युवा नेता कांग्रेस छोड़ कर जाते हैं और आरोप उन पुराने बुजुर्ग नेताओं पर लगता है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More