रांची: झारखंड सरकार प्रदेश को विदेशी ताकतों के हाथों में बेचने का काम कर रही है और खनिज संपदाओं से लैश प्रदेश के युवा यहां से लाचारी में पलायन करने को मजबूर हैं। हर दिन सैंकड़ों युवा व महिलाएं दूसरे राज्यों में दैनिक मजदूरी हेतु जाने को विवश हैं। ये बातें मंगलवार को झारखंड क्रांतिकारी पार्टी के केंद्रीय सचिव राजेश कुमार सिंह ने प्रेस क्लब में आहूत एक मीडिया वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि हर हाल में इस हालात से प्रदेश को मुक्ति दिलानी होगी और इसी उद्देश्यत से पार्टी ने यहां की सभी 81 सीटों पर अपने उम्मीद्वार उतारने का फैसला किया है।
श्री सिंह ने कहा कि जल्द ही प्रत्याषियों के नाम का ऐलान हो जाएगा। कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बाबत प्रदेश में सदस्यता अभियान का श्रीगणेश भी जल्द किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम रतन सिंह ने कहा कि झारखंड गठन हुए 19 वर्ष होने को हैं और इन वर्षों में राज्य में भाजपा, कांग्रेस और झामुमो की सरकारें बनी, लेकिन झारखंड का विकास नहीं हो सका। ऐसे में राज्य की जनता अब विकल्प की तलाश में है। झारखंड क्रांतिकारी पार्टी जनता के लिए एक विकल्प है।
कहा कि निर्माण से लेकर अब तक झारखंड में सत्ता का घिनौना खेल खेला जा रहा है। बड़े-बड़े पब्लिक सेक्टर यूनिट का निजीकरण करके मजदूरों की आजीविका को बाधित किया जा रहा है। कहा कि पार्टी का निबंधन 2003 में कराया गया व पार्टी अपने अविरल गति से झारखंड की सामाजिक सहित राजनीतिक क्षेत्र में लगातार काम करती रही है। पार्टी के झारखंड अध्यक्ष संतोष दुबे ने कहा कि झारखंड की जनता परिवर्तन चाहती है व ऐसे में उन्हें पार्टी का मोह त्यागकर बेहतर नेतृत्वकर्ता को चुनना होगा। इसके बाद ही देश व राज्य का विकास हो सकता है। कहा कि झारखंड के छोटे-छोटे उद्योगपति परेशान हैं। शिक्षा के निजीकरण में सरकारी स्कूलों की अहमियत खत्म होती जा रही है। जाति, धर्म, वर्ग के नाम पर सरकार सत्ता में बने रहना चाहती है। आज के दिन युवा बदलाव चाहती है। इस दौरान बोकारो से रामजनम कुशवाहा, मुकेश कुमार सिंह और राजू साहनी, हजारीबाग से जगत जी मौजूद थे।